विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत
फीरोजाबाद (जसराना): विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन परिजनों के पहुंचने से पूर्व ससुरालीजन फरार हो गए। मृतका के भाई ने अतिरिक्त दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता की पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
शीला देवी (20) पत्नी देवेंद्र सिंह यादव निवासी मुस्तफाबाद ने रविवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता को फांसी के फंदे पर लटका देख ससुरालीजनों के हाथ-पांव फूल गए और शव को फंदे से नीचे उतार चारपाई पर लिटा दिया। ससुरालीजन घर में शव छोड़कर फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब आठ बजे मृतका के परिजन पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतका के भाई किशनपाल पुत्र तेजपाल ने बताया उसने अपनी बहन शीला की शादी दो फरवरी 2014 को दान दहेज के साथ की थी। आरोप है शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुरालीजन नहीं माने। ऐसे में शीला अपने पिता के घर रह रही थी। उसने बताया रविवार सुबह शीला का पति देवेंद्र और उसकी बहन सावित्री घर आई और शीला को अपने साथ ले गई। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर ले जाकर उसका उत्पीड़न किया और पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या में तब्दील करने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। किशनपाल की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया मामला प्रथमदृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।