चार दिन रहेगा फीरोजाबाद में बिजली संकट
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: मुरादाबाद से होने वाली कटौती पर अंकुश लग गया है, लेकिन अगले चार दिन फीरोजाबाद नगर के लिए गंभीर बिजली संकट वाले हो सकते हैं। हालांकि चार दिन संकट झेलने के बाद फीरोजाबाद को आगे लाभ मिलने वाला है। ट्रांसमिशन पर 40 एमवीए के स्थान पर 63 एमवीए का ट्रांसफारमर लगाया जा रहा है, जिससे बाद में फीरोजाबाद को ओवरलोडिंग के नाम पर होने वाली हर रोज की कटौती से निजात मिलेगी।
फीरोजाबाद में 220 केवी विद्युत उपकेंद्र आसफाबाद फीरोजाबाद क्षमता वृद्धि के लिए 40 एमवीए के स्थान पर 63 एमवीेए का ट्रांसफारमर लगाया जा रहा है। इस पर 31 अगस्त से कार्य होगा। इस कार्य के चलते तीन अगस्त तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इस कार्य के चलते फीरोजाबाद के विद्युत उपकेंद्रों को बारी-बारी रोजाना 12 घंटे सप्लाई मिलेगी। अधिशासी अभियंता केके वर्मा ने बताया कि दो ग्रुप में से एक में लेबर कॉलोनी, इंडस्ट्रियल एस्टेट, आसफाबाद एवं सुहाग नगर फीडर को रखा गया है। वहीं ग्रुप दो में एसएन हॉस्पीटल, पुरुषोत्तम विहार फीडर एवं रसूलपुर फीडर को रखा गया है। ट्रांसफारमर की क्षमता वृद्धि का कार्य पूर्ण होने तक एक ही ट्रांसफारमर से इन क्षेत्रों को सप्लाई दी जाएगी। लिहाजा इन फीडरों को 12-12 घंटे ही सप्लाई मिल सकेगी।
शनिवार को साढ़े तीन घंटे की कटौती
शनिवार को नगर क्षेत्र में साढ़े तीन घंटे की विद्युत कटौती ऊपर से हुई। सुबह 8.20 बजे से 9.20 बजे तक बिजली नहीं मिली। वहीं शाम को साढ़े चार बजे से सात बजे तक कटौती हुई। बिजली कटौती कम होने से लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
तार टूटने से लाइनमैन झुलसा, हंगामा
फीरोजाबाद: राजा का ताल में शुक्रवार रात तार जोड़ते वक्त सप्लाई चालू होने से लाइनमैन झुलस गया। जिसे लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इससे रात भर आसपास के गांवों की बिजली गुल रही।
राजा का ताल में दुर्गेश के घर के बाहर 11 हजार लाइन का तार टूट कर गिर पड़ा। सप्लाई बंद होने के बाद लोगों ने प्राइवेट लाइनमैन को बुलाकर तार जुड़वाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मानें, तो तार जोड़ते वक्त एकाएक सप्लाई शुरू होने से लाइनमैन शमशाद अली निवासी जरौली कलां झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर विद्युत अफसरों ने तार जोड़ने की तरफ ध्यान नहीं दिया। सुबह गांव के कुछ लोगों ने तार जुड़वाने का प्रयास किया, तो कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए कहा विद्युत अफसरों की लापरवाही से रोज ही हादसे होते हैं। काफी देर तक दोनों पक्षों में बहस होती रही। इसके बाद में तार जोड़ा जा सका।
घर में करंट आने से बच्ची झुलसी, फीडर पर हंगामा
मुस्तफाबाद रोड निवासी नितिन यादव के घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में शुक्रवार शाम करीब छह बजे फॉल्ट होने से घर में करंट दौड़ गया। इससे फ्रिज, कूलर, टीवी एवं वाशिंग मशीन के साथ अन्य उपकरण जल गए। पिघलकर गिरी फाइबर केबल से नितिन की छह माह की बेटी भी झुलस गई। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना से गुस्साए लोगों ने फरिहा फीडर पर नारेबाजी कर हंगामा काटा। फीडर पर तैनात कर्मियों को हटाने की मांग की। जेई राजपाल सिंह ने कहा मामले की जानकारी नहीं है। विभागीय कार्य के कारण फीडर पर नहीं पहुंच सके हैं।