हत्या कर जिला अस्पताल में फेंक गए शव!
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : शुक्रवार देर रात एक रिक्शा चालक अज्ञात युवक को जिला अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे लिटाकर चला गया। सुबह अस्पताल स्टाफ की नजर पड़ने पर देखा तो वह मृत था। यह कौन है और कहां का रहने वाला यह सब कुछ अब तक बेसुराग है। इसके अलावा मक्खनपुर क्षेत्र में भी एक अज्ञात शव मिला है। शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाए गए हैं।
शुक्रवार मध्य रात बाद एक रिक्शा चालक अज्ञात व्यक्ति को जिला अस्पताल परिसर लेकर पहुंचा। बताते हैं वह एक व्यक्ति को पेड़ के नीचे लिटाकर चला गया। यहां मौजूद लोगों ने सोचा कि शायद कोई बीमार है, परिजन आ रहे होंगे। शनिवार सुबह इमरजेंसी चौकी पर तैनात सिपाही अरविंद ने पेड़ के नीचे पड़े व्यक्ति को देखा तो उसे आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर उसे हिलाया तो उसके शरीर से कोई गतिविधि नहीं हुई। डॉक्टर को बुलाकर परीक्षण कराया तो वह मृत था। अरविंद ने सूचना उत्तर पुलिस को दी तो शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया। बताते हैं कि जो रिक्शा चालक इसे यहां लिटाकर गया था, उस दौरान वह मृत था। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत कई घंटे पहले हुई थी। उसकी मौत के साथ ही उसके परिजनों का पता भी गुम हो गया। मृतक कौन है और कहां का रहने वाला है, यह सब कुछ अब तक बेसुराग है। आशंका तो यह भी जताई जा रही है कि कहीं रिक्शा चालक ने उसकी हत्या तो नहीं की। फिलहाल सब कुछ अभी रहस्य बना हुआ है। वहीं मक्खनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह अर्ध विक्षिप्त था, जो क्षेत्र में नग्नावस्था में घूमता रहता था। शव का पोस्टमार्टम कराया है।