अधूरे इंतजाम के बीच भुजरिया विसर्जन मेला शुरू
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : सुहाग नगरी में अधूरे इंतजामों के बीच भुजरिया विसर्जन मेला शुरू हो गया। गुरुवार को दूसरे दिन नगर पालिका कर्मचारियों की टीम मेला स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी रहीं। साफ सफाई कराई के बाद मैदान समतल किया। भुजरिया विसर्जन स्थल वाली गली की नालियां भी साफ कराई गई हैं।
श्रावण मास में सुहाग नगर में मुख्य डाकघर के समीप खाली मैदान में भुजरिया विसर्जन मेला का आयोजन होता है। करीब एक पखवाडे़ तक चलने वाले मेला का बुधवार को शुभारंभ हो गया। अधूरी व्यवस्थाओं के बीच मेले का शुभारंभ तो हो गया। गुरुवार को मेला परिसर में जगह जगह जलभराव था। स्थान ऊंचा नीचा भी था। नगर पालिका के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महाराज सिंह कई स्वच्छता निरीक्षकों के साथ मेला स्थल पहुंचे और यहां अव्यवस्थाओं को दूर कराया। मेला परिसर को समतल कराया गया और जलभराव वाले स्थलों पर मिट्टी डलवाई गई।
वहीं भुजरिया विसर्जन स्थल वाली गली की नालियां साफ कराई गई। पालिका कर्मचारी देर शाम तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महाराज सिंह का कहना है मेला कमेटी द्वारा लगाया जाता है। व्यवस्थाएं पालिका द्वारा कराई जाती हैं। बारिश से कुछेक जगह जलभराव हो गया था, जिसे मिट्टी डाल सही कराया गया है। नालियां भी साफ करा दी गई हैं।
खेल तमाशे लगे, झूले हो रहे तैयार
मेला शुरू हो गया, मगर अभी यहां की रौनक गायब सी है। यहां खेल तमाशे वाली दुकानें, मौत का कुआं समेत अन्य मनोरंजन के साधन लग चुके हैं। गुरुवार को झूला लगाया जा रहा था। संभवत: इसे चालू होने में दो दिन का समय लगेगा। इसके अलावा सड़क पर भी दुकानें लग चुकी हैं।