दोस्तों संग घूमने गए युवक को गोली मारी, गंभीर
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : दोस्तों के साथ शिकोहाबाद के ग्रीन पार्क घूमने गए युवक पर बाइक सवारों ने एटा चौराहा के समीप फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही चौराहे पर अफरा तफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। साथी घायल युवक को अॅाटो से जिला अस्पताल आए, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
शहर में रामगढ़ निवासी फैजान (22) पुत्र कमाल अपने दोस्त इस्तकबाल, सलमान, कादिर, उस्मान के साथ बुधवार शाम शिकोहाबाद स्थित ग्रीन पार्क घूमने गया था। शाम करीब 7.30 बजे सभी फीरोजाबाद आने के लिए एटा चौराहे पर पहुंच गए। एक युवक दुकान से कुछ सामान खरीदने गया था, जबकि अन्य ऑटो में बैठे हुए थे। फैजान ऑटो से कुछ दूरी पर खड़ा हो गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और एक ने तमंचे से फैजान पर फायर कर दिया। गोली फैजान के पेट में धंस गई। फायर होते ही अॅाटो में बैठे सभी दोस्त हैरान रह गए। सभी आनन-फानन में फैजान को उसी ऑटो से जिला अस्पताल लाए। गोली लगने की जानकारी होते ही फैजान के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल आ गए। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत को गंभीर बताते हुए आगरा रेफर कर दिया। शिकोहाबाद इंस्पेक्टर राजीव यादव ने बताया उन्हें गोलीकांड की फोन पर सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को कोई घायल नहीं मिला। घायल को उसके साथियों द्वारा सीधे आगरा ले जाना बताया गया है।
पुरानी रंजिश के चलते मारी गोली
घायल फैजान ने बताया उसकी मुहल्ले के ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। काफी समय पहले एक हत्या हुई थी, जिसमें उसके परिवार के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसने बताया हमलावर उसने पहचान लिए हैं, लेकिन उसने नाम नहीं बताए।