पाइप लाइन नई, वसूली तीन साल की
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : वाह रे जल निगम, दो माह पहले पाइप लाइन बिछाई और जलमूल्य तीन साल का वसूला जा रहा है। इसी से गुस्साए लोगों ने जलकल कार्यालय पर हंगामा किया। पालिका की इस कारगुजारी के खिलाफ लोगों में खासा आक्रोश दिखाई दिया। उन्हें समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया गया है।
प्रतापनगर (सैलई) में इसी साल अप्रैल माह में जलकल विभाग द्वारा पेयजल पाइप लाइन डाली गई। कई गलियों में तो कार्य अभी भी पूर्ण नहीं हुआ है। यहां के बाशिंदों से तीन साल का जलमूल्य वसूलने की कवायद हुई तो लोगों में आक्रोश पैदा हो गए। बुधवार सुबह गुस्साए लोग जलकल कार्यालय पर आ धमके और आपत्ति दर्ज कराई। लोगों ने बताया दो माह पहले पाइप लाइन डाली गई है और बिल तीन साल का क्यों वसूला जा रहा है। उनका कहना था अभी कई गलियों में पाइप लाइन कार्य पूरा तक नहीं हुआ है। महिलाओं ने जलकल कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई। महिलाएं व पुरुष काफी देर तक यहीं जमे रहे और हंगामा किया। बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर वह चले गए। शिकायत करने वालों में रविंद्र कुमार, गुड्डी देवी, रजनेश कुमार, रमाकांत, ताराचंद्र, जयकुमार, शारदा, कैला देवी, मीना, कुसुमा देवी, सरोज, लज्जावती, आशा देवी, ऊषा, फूलश्री, विमला, मीरा, रुकमा देवी, हेमा देवी, सरवती देवी, ज्ञान देवी, पूनम, नमता देवी, शांती, शीला देवी, अनीता, रानी, विद्या देवी, अनार देवी, ईश्वरी देवी, शकुंतला, इंद्रवती, हरदेवी, अतरश्री, सुखदेवी, गंगादेवी, रामकिशन, भजनलाल, सुरेश और कमल सिंह शामिल रहे।
यह कहते अधिकारी
प्रतापनगर सैलई के लोग आए थे। उनका कहना था पाइप लाइन चालू होने के बाद से ही जलमूल्य लिया जाए। जब से पाइप लाइन बिछाई गई है, तभी से बिल लिया जाएगा।
राजीव दीक्षित,
कार्यालय प्रभारी।