नहीं सुधरी शहर की सफाई व्यवस्था
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : कर्मचारियों की बड़ी फौज होने के बाद ही शहर की सफाई व्यवस्था चौपट है। वेतन कटौती की कार्रवाई के बाद भी कर्मचारियों की उपस्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 42 वार्ड और एक हजार से अधिक कर्मचारी हैं। बड़ी संख्या में ठेका सफाई कर्मचारी भी हैं। पूर्व डीएम विमल कुमार शर्मा ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को दौड़ाया था। नतीजा यह निकला कि एक दिन के निरीक्षण में करीब तीन सौ सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए थे। इस दौरान करीब आधा दर्जन कर्मचारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति और प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की गई थी। परंतु अब भी पालिका अधिकारियों को निरीक्षण में कर्मचारी अनुपस्थित मिल रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ सिर्फ वेतन कटौती की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महाराज सिंह ने निरीक्षण किया। मुहल्ला जोशियान में बंटी, करबला में राजेश, सुभाष, आर्य नगर में रानी, मंजू, इंद्रा, नई बस्ती में रामबेटी, श्रीकिशन, दिनेश, शीशग्रान में राजीव, शाहिद, संजय, गोपीनाथ में सफाई कर्मचारी शारदा, अशोक, गीता और गुड्डी अनुपस्थित मिलीं। इन सभी के खिलाफ वेतन कटौती की कार्रवाई की जा रही है। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने कहा सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति में सुधार न हुआ तो उनकी सेवाएं समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।