आग बुझाते समय करंट से युवक की मौत
फीरोजाबाद, (टूंडला): बुधवार सुबह शार्ट सर्किट के चलते गेहूं के खेत में आग लग गई। आग बुझाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई।
मामला थाना क्षेत्र के गांव नगला हृदय का है। बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे महेश तोमर पुत्र डालचंद्र तोमर गांव के ही सागर सिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह के साथ अपने खेत में गेहूं काट रहा था। उसी समय अचानक खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में विस्फोट हुआ। फिर उसकी एक चिंगारी पकी खड़ी फसल पर गिर पड़ी। जिससे फसल में आग लग गई। आग बुझाते समय सागर सिंह का हाथ खेत में खड़े विद्युत पोल से छू गया। जिसके कारण करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन बिजली सप्लाई कटवाई गई, लेकिन तब तक सागर सिंह के प्राण पखेरू उड़ चुके थे। सागर सिंह की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर बिजली कर्मचारियों के विरुद्ध नारेबाजी की। घटना के बाद कोई भी विद्युत कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। महेश तोमर ने विद्युत कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने पंचनामा भर शव का पोस्टमार्टम कराया है।