कान्हा की छठी मनाई, बजने लगी बधाई
जागरण संवाददाता, फतेहपुर: भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के छठवें दिन छठी मनाई गई। घरों व देव
जागरण संवाददाता, फतेहपुर: भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के छठवें दिन छठी मनाई गई। घरों व देवालयों में भक्तों ने उल्लासपूर्ण ढंग से पर्व की खुशियां मनाईं। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर वंदनवार गीतों की स्वरलहरी छेड़ भगवान माखनचोर को नमन किया। घरों में महिलाओं ने विधिविधान से छठी भरी और कढ़ी-चावल सहित अन्य व्यंजनों को भगवान को परोसा, इसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
शहर के मोटेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति व आस्था की अनुपम छटा देखने को मिली। कान्हा के जन्मोत्सव की खुशियां देखते ही बन रही थीं। सभी स्त्री, पुरुष व बच्चे भगवान के वंदनवार गीतों के बीच थिरकने को मजबूर हो गए। मंदिर में आचार्य विमलाकांत व पुजारी विजय नारायण द्विवेदी ने विधिविधान से पूजा-अर्चना व छठी पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराया। मंदिर में राजकुमारी शरन, उपासना, रोलिका, सीमा, राधिका आदि महिलाओं ने गीतों की ऐसी स्वरलहरी छेड़ी कि भक्त झूमने को विवश हो गए। इसके अलावा शहरी व ग्रामीण इलाकों में भगवान की छठी भरी गई और विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।