18 करोड़ की डलमऊ सड़क तीन साल में उखड़ी
जागरण संवादताता, फतेहपुर : जनपद व रायबरेली को जोड़ने वाला मार्ग डलमऊ तीन वर्ष पहले 18 करोड़ रुपये की ल
जागरण संवादताता, फतेहपुर : जनपद व रायबरेली को जोड़ने वाला मार्ग डलमऊ तीन वर्ष पहले 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुआ था जो कि कई जगह टूट गया है। हुसेनगंज, जमरावां के समीप तो खतरनाक गड्ढे हैं। इसके अलावा कई जगह और उखड़ी है। यह सड़क बसपा शासन में स्वीकृत हुई थी, जिसे सपा शासन काल में बजट 18 करोड़ अवमुक्त हुआ और यह तीन साल में बन पाई थी, लेकिन गुणवत्ता में इस कदर खेल किया गया कि सड़क बनते ही उखड़ गई थी। इसका ठेका फिरोजाबाद की एक कांस्ट्रेक्शन कंपनी ने लिया था, जिसने कई चरणों में काम पूरा किया।
यह सड़क हुसेनगंज चौराहे से रायबरेली तक 22 किमी लंबी है। इसका निर्माण इलाके की जनता के आंदोलित होने पर कराया गया था। निर्माण न होने पर कई बार तो लोगों ने मार्ग में जाम लगा दिया था। बनी तो निर्माण में गुणवता में खूब खेल किया गया। इसीलिए सड़क बनते ही उखड़ गई और फिर पहले जैसे ही स्थिति में पहुंच गई है। हालात यह है कि सड़क में कई जगहों पर जाम लगा रहता है। मामले पर सड़क निर्माण की देखरेख करने वाली संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एके बरदिया का कहना था कि शासन की मंशा के अनुसार निर्मित सड़कों की जांच पड़ताल की जा रही है। कहा कि निर्माण कार्य में खामियां मिली तो ठेकेदार पर कार्रवाई तय है।
...........
हुसेनगंज - डलमऊ मार्ग की लंबाई- 22 किमी
सपा शासनकाल में बजट अवमुक्त हुआ था - 18 करोड़
बनने में लगा था समय - तीन साल
उखड़ने लगी - बनते ही
काम कराया था - फिरोजाबाद की कंपनी ने
सड़क की आयु - 6 वर्ष
सड़क का निर्माण - 2013-16
..............
जांच के दायरे में आ सकती 5 सड़कें
- प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर सपा शासन काल में निर्मित हुई पांच सड़कें जांच के दायरे में आ सकती है। जिसमें हुसेनगंज - डलमऊ मार्ग, जयराम नगर -जोनिहा मार्ग, जोनिहा - जहानाबाद मार्ग, राधानगर -औगासी मार्ग एवं हथगाम - खागा मार्ग शामिल है। ये मार्ग समय से पहले की उखड़ गए । इनके निर्माण में मानकों की खूब धज्जियां उड़ाई गई है। इसकी रिपोर्ट डीएम के माध्यम से शासन को इसी सप्ताह भेज दी जानी है। हालांकि शासन के आदेश से उक्त मार्गों के ठेकेदारों की होश गुम हो गए है।
........
गुणवत्ता में कमी से सड़क उखड़ी
- सड़क बनते ही उखड़ने लगी थी, इसकी वजह थी कि कार्यदायी कंपनी ने सड़क निर्माण के मानकों को दर किनार करके निर्मित कराया था।
- अशोक कुमार, हुसेनगंज
- डलमऊ मार्ग का निर्माण कई बार शुरू हुआ और रुका। इससे भी सड़क की गुणवत्ता में खामी ज्यादा आ गई। इससे सड़क और उखड़ गई।
- राम अवतार, छेउका
- सड़क की देखरेख करने वाली संस्था के अधिकारियों ने सही ढंग से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन ठीक ढंग से नहीं किया है। इससे मानक पर सड़क नहीं बनी।
- राम लाल, मवई
- जिले की अधिकांश सड़कें मानक पर नही बनी है, सपा शासनकाल में तो खूब मनमानी हुई है। इसीलिए सड़कें समय से पहले ही ध्वस्त हो गई।
- शैलेंद्र कुमार, जमरावां