प्रस्ताव रजिस्टर खोजने में जुटे शिक्षामित्र
खागा, संवाद सहयोगी : जिला मुख्यालय में शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद में समायोजित करने से पहले आ
खागा, संवाद सहयोगी : जिला मुख्यालय में शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद में समायोजित करने से पहले आए रोड़ा से तहसील क्षेत्र के 50 शिक्षामित्र परेशान हैं। जन्म तिथि के आधार पर विद्यालय आवंटन की कार्रवाई चल रही थी। तभी अभिलेखों के साथ प्रस्ताव रजिस्टर की प्रति न होने पर शिक्षामित्रों को नोटिस के साथ वापस कर दिया गया।
विगत कई वर्षों से विद्यालय में सेवाएं दे रहे शिक्षामित्रों का कहना था कि विभागीय अधिकारियों ने इसके पहले रजिस्टर की प्रति आवश्यक नहीं समझी। शिक्षामित्रों का कहना था जिला मुख्यालय के अधिकारी महज परेशान करने के लिहाज से ऐसा कर रहे हैं। बताते हैं प्रस्ताव रजिस्टर की एक-एक प्रति बीआरसी, बीईओ तथा जिला मुख्यालय में होती है। इसके बाद भी अब पुराने कागजात मंगवाना परेशान करने से अधिक कुछ भी नही है। ऐरायां, धाता विजयीपुर तथा हथगाम ब्लाक से कुल 50 शिक्षामित्रों को प्रस्ताव रजिस्टर की प्रति न होने से नोटिस के साथ वापस किया गया। एक सप्ताह के अंदर नोटिस का जवाब मांगा गया है। जिला मुख्यालय के फरमान से शिक्षामित्रों में खासा आक्रोश है। विजयीपुर बीईओ रवीन्द्र शुक्ला ने बताया उच्चाधिकारियों से जो निर्देश मिले हैं, उसका अनुपालन कराया जाएगा।