दिल्ली में एकत्रित हुई फ्यूज बल्बों की झालर
फतेहपुर, जागरण संवाददाता: चित्रकूट व बांदा में पार्टी की सदस्यता की समीक्षा कर लौट रहे प्रदेश अध्यक्
फतेहपुर, जागरण संवाददाता: चित्रकूट व बांदा में पार्टी की सदस्यता की समीक्षा कर लौट रहे प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई देर रात्रि सदर विधायक विक्रम सिंह के आवास में अल्प प्रवास पर रुके। पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिल्ली में छह दलों एक मंच पर आने पर चुटकी ली। बोले दिल्ली में फ्यूज बल्बों की झालर एकत्रित हुई। यह ऐसी जनता पार्टी बनने जा रही जिसके पास जनता ही नहीं है।
एक सवाल के जवाब में श्री बाजपेई ने कहा कि प्रदेश की तीन विधवाएं सिंदूर का इंसाफ मांग रही है। जिसमें एक इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों की पत्नी है। सीएम अखिलेश इन्हें भी इंसाफ नहीं दिला पा रहे। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो नेता एकत्रित हुए उनमें नितीश कुमार वह नेता है जो भाजपा के साथ 18 साल तक रहे तब उन्हें पार्टी साम्प्रदायिक नहीं दिखी आज वह पार्टी को साम्प्रदायिक कह रहे है। लालू यादव की चुटकी लेते हुए कहा कि जो बेजुबान जानवरों का चारा खा गया आज वह अपने आप को पाक साफ बता रहा है। एक बार जेल जा चुके है। दूसरी बार जाने की तैयारी में है। धर्मांतारण मुददे पर बोले कि फ्यूज बल्ब दुष्प्रचार कर रहे है। लोक सभा में हताश हैं तो राज्य सभा में झुनझुना बजा रहे है। भाजपा का मत साफ है जो विधि सम्मत है उसके लिए पार्टी तैयार है। इसी दौरान भाजपा नेता पंकज सिंह ने पक्का तालाब में पार्टी के लिए कार्यालय की जमीन देने की बात कही तो प्रदेश अध्यक्ष ने जनवरी से पार्टी का भव्य कार्यालय बनाने की अनुमति दे दी। इससे पूर्व मनोज शुक्ला, प्रेमा सिंह, मनोज द्विवेदी, बच्चा तिवारी, अपर्णा गौतम, राम प्रताप गौतम, गायत्री सिंह समेत अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत किया।