बढ़ी गलन,ठंड से दो की मौत
फतेहपुर, जागरण संवाददाता : मौसम का मिजाज बदलते देर नहीं लगती। शुक्रवार को दोपहर बाद बादल छा जाने से
फतेहपुर, जागरण संवाददाता : मौसम का मिजाज बदलते देर नहीं लगती। शुक्रवार को दोपहर बाद बादल छा जाने से गलन बढ़ गई। तेरह डिग्री सेल्यिस का तापमान शाम तक लुढ़क कर नौ में पहुंच गया। वहीं ठंड की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई। असोथर थाने के बेर्राव निवासिनी 30 वर्षीय शफीकुन निंशा पत्नी इदरीश की बीती रात सोते समय मौत हो गई। गुरुवार की रात वह भोजन करके सोयी थी, सुबह वह मृत अवस्था में मिली जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। इसी प्रकार हुसेनगंज थाने के मकनपुर निवासी अधेड़ किसान रामकरन अपने खेतों से मिर्च तोड़कर गुरुवार को साइकिल से बेंचने जा रहा था। सैबसी मोड़ के समीप ही ठंड लग जाने से उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को शाम ढलते ही बाजार में सन्नाटा पसर गया, लोग या तो घरों में दुबके रहे या फिर अलाव के सहारे ठंड काटी। ठंड का कहर बढ़ता ही जा रहा है। धूप निकलने से दिन में तो राहत रहती है, लेकिन शीतलहर से शाम ढलते ही गलन ऐसी हो जाती है कि लोग घर के बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। शुक्रवार को शाम चार बजे से बादल छा गए और शीत लहर से तापमान में चार डिग्री सेल्यिस की गिरावट ने लोगों को दुबकने को मजबूर कर दिया। रेलवे स्टेशन व बस स्टाप में अलाव के सहारे यात्री व रिक्सा चालक ठंड से बचाव करते है। फुटपाथ पर बसेरा करने वालों की तो आफत रही वह बेचारे कंबल व कपड़ों के सहारे सिकुड़ते रहे। पालिका ने शहर में मात्र रेलवे स्टेशन, बस स्टाप, जोनिहां चौराहा व पत्थर कटा चौराहा में ही अलाव की व्यवस्था की है। अन्य चौराहों में लोग चंदा करके अलाव जला रहे है। शहरियों ने मांग किया है कि कम से कम बीस स्थानों में अलाव जलवाएं जाए।
और गिर सकता तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रात में तापमान आठ डिग्री सेल्यिस पहुंच सकता है। सुबह कोहरा व दिन में धूप रहेगी, लेकिन शाम का शीतलहर की रफ्तार में तेजी से गलन अधिक होने की संभावना बताई जा रही है।