गंदगी व अतिक्रमण वार्ड की पहचान
किशुनपुर, संवाद सूत्र : समस्याओं के नाम पर नगर पंचायत क्षेत्र में आम और खास की खाई को पाट रखा है। हर
किशुनपुर, संवाद सूत्र : समस्याओं के नाम पर नगर पंचायत क्षेत्र में आम और खास की खाई को पाट रखा है। हर स्थान समस्या से कराह रहा है।
किशुनपुर नगर पंचायत के वार्ड नं 6 अहिराना-बैहराना में गंदगी व मुख्य रास्ते पर कब्जाधारियों का बोलबाला है। नाली, सड़क, पेयजल संबंधी लाखों रुपये का कार्य योजनाएं परवान चढे़ बिना ही कागजों में खो जाती हैं। संकरे रास्तों से रात के अंधेरे में निकलने के दौरान मुहल्ले के लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वार्ड में कई स्थानों पर लोगों ने मुख्य रास्ते तक मकान बना डाले। जिससे आने-जाने वाले लोग परेशानी उठाते हैं।
मंदिर भी समस्याओं की जद में
वार्ड का प्रसिद्ध लक्ष्मी मंदिर अनदेखी का शिकार है। परिसर में साफ-सफाई के लिए नगर पंचायत द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए। जिसकी वजह से मंदिर तक आने वाले श्रृद्धालुओं को रोजाना गंदगी से सामना करना पड़ता है। घरों के बीच रास्ते में अतिक्रमणकारी कब्जा जमाए हुए हैं। जिसमे रास्ता बेहद संकरा हो गया है। मुख्य रास्ते में दो पहिया वाहन लेकर भी लोग आसानी से नही निकल सकते हैं। जर्जर विद्युत पोल के सहारे बस्ती के अंदर खीची गई सिंगल फेस लाइन में अक्सर लो-वोल्टेज की समस्या रहती है। इसके बाद भी वर्षो पुरानी समस्या का समाधान नही निकाला गया है। वार्ड के अंदर जगह-जगह कूडे़ के ढेर लगे हुए हैं।
जनता का दर्द
नगर पंचायत के सफाई कर्मी एकदम बेलगाम हैं। खुली नालियों की सफाई नियमित न होने से कई जगह ऊपर तक कचरा जमा है।
- अखिल मिश्रा
वार्ड के अंदर कई रास्ते बेहद जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। नगर पंचायत प्रशासन विकास के नाम पर महज खानापूर्ति करता है। 15 वर्ष पुराने खड़ंजा में भी सीसी रोड निर्माण नहीं हो रहा है।
- सुनीता अग्रवाल
वार्ड में प्रमुख तिराहे, चौराहों में सोलर लाइटें व हाईमास्क न लगाकर चेयरमैन व सभासद द्वारा सुझाए गए स्थानों पर लगाए गए हैं।
- गुड्डू
वार्ड के अंदर विकास कार्य ठहरे हुए हैं। सिर्फ कागजों में योजना बनाकर विकास कराया जा रहा है। बीते कार्यकाल में जो हालत रही है।
- भइयालाल यादव
वार्ड एक नजर में
शामिल मुहल्ले- अहिराना-बैहराना, नगर पंचायत कार्यालय तथा लक्ष्मी मंदिर
आबादी : 3200
मतदाता : 1200
हैण्डपंप : 7 सभी दुरूस्त
खडं़जा : 5, दो जर्जर
सोलर लाइटें : 4
हाईमास्क : एक
सीसी सड़कें : दो प्रस्तावित
नाला निर्माण : एक पूरा, एक निर्माणाधीन
क्या कहते सभासद
नगर पंचायत कार्यालय व परिसर के अलावा 50 लाख की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। 40 लाख रुपये की कार्य योजना जिसमे नाला निर्माण व सीसी सड़कें प्रस्तावित हैं, उनमें जल्द ही काम शुरू होगा।
- अमेंद्र सोनकर, सभासद
क्या कहते चेयरमैन
प्रमुख रास्तों पर कब्जा जमाए लोगों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही की जाती है। निर्माण के दौरान भी ऐसे लोगों को रोका जाता है, जिनसे मार्ग अवरूद्ध होता है। विकास कार्यो को लेकर नगर पंचायत पूरी तरह से संजीदा है।
- सुशीला देवी, चेयरमैन