विवाहिता ने गंगा में कूदकर आत्महत्या की
हथगाम, संवाद सूत्र : सुल्तानपुर थानाक्षेत्र के सैदपुरा मजरे खरगूपुर बरगला गांव निवासिनी एक 22 वर्षीय विवाहिता ने मंगलवार दोपहर गंगा में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक मृतका बीते कई महीनों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। जिसका कानपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। घटना के बारे में सुल्तानपुर घोष एसओ मनोज पाठक का कहना था परिजन यदि चाहते हैं तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
सैदपुरा मजरे खरगूपुर बरगला निवासी स्व. ज्ञान सिंह यादव की पुत्री सरिता देवी (22) की शादी बीते वर्ष ही कौशाम्बी जनपद के सतराजीपुर गांव निवासी राजेन्द्र सिंह के साथ हुई थी। मृतका के चचेरे भाई अनूप सिंह के मुताबिक सरिता का मानसिक संतुलन बीते कुछ दिनों से ठीक नही चल रहा था। मंगलवार अपरान्ह सरिता ने घर में मौजूद वृद्ध मां भानमती को किसी काम से बाहर भेज दिया। घर में किसी के न होने पर सरिता गंगा के किनारे पहुंची और छलांग लगा दी। सूचना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में जाल डलवाकर खोजबीन शुरू कराई। देर शाम मृतका का शव बरामद होते ही मौके पर कोहराम मच गया। मृतका के ससुरालीजन भी मौके पर पहुंच गए थे।
भानमती के ऊपर टूटा दुखों का पहाड़
- पति ज्ञान सिंह की मौत के बाद भानमती के बेटेकमल सिंह यादव की बीमारी के चलते मौत हो गई। दो मौतों के बाद भी उन्होंने परिवार में बेटियों की शादी की। पुत्री की बीमारी ने थोड़ा परेशान किया लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी ।