खेती के लिए बिजली दो, वर्ना सोने नहीं देंगे
मलवां, संवाद सूत्र : पानी न मिला तो खेती बर्बाद हो जाएगी जैसी आवाज उठाकर किसानों का दर्द बांटने वाले भाकियू नेताओं ने बिजली उपकेंद्र में जमकर हंगामा काटा। विभाग की बखिया उधेड़ी। कार्यकर्ताओं ने एलान किया कि क्षेत्र के जर्जर तार न बदले गए और आपूर्ति में सुधार न हुआ तो अधीक्षण अभियंता को दफ्तर से नहीं निकलने देंगे।
बिजली उपकेंद्र में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक दिन का धरना आयोजित किया। यूनियन के कार्यकर्ताओं का गुस्सा देखकर मौजूद कर्मचारियों से हथियार डाल दिए। उन्हीं के सुर में सुर मिलाकर समय काटते नजर आए। किसान नेता अशोक सिंह और जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अगुवाई में आयोजित धरने में विभाग पर आरोप लगाया गया कि लापरवाही के चलते किसान बर्बाद हो गया है। किसानों के मांगों में रावतपुर फीडर में रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति की जाए। रावतपुर, कुंदनपुर और रारी फीडर के जर्जर तार बदले जाएं। धरने का संचालन दया शंकर पाण्डेय ने किया। इस मौके पर चंद्रपाल, संतराम अवस्थी, चंद्रभूषण पूर्व सैनिक आदि मौजूद रहे।