सगे भाइयों को सजा से बदरंग हुई परिवार की होली
- घर में पसरा सन्नाटा, मां और पत्नियां बिलखीं संवाद सूत्र, शमसाबाद : हत्या के मामले में चार सगे
- घर में पसरा सन्नाटा, मां और पत्नियां बिलखीं
संवाद सूत्र, शमसाबाद : हत्या के मामले में चार सगे भाइयों को आजीवन कारावास की सजा होने की जानकारी मिलते ही परिवार में सन्नाटा पसर गया। न्यायालय के फैसले को सुनकर अभियुक्तों की मां व पत्नियां बिलख पड़ीं। रोते-रोते सिर्फ इतना ही कह रही थीं कि होली बदरंग हो गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम दुबरी में वर्ष 2009 में श्रवण कुमार की हत्या हो गई थी। उक्त घटना में गांव के ही सर्वेश कुमार, योगेंद्र उर्फ गुड्डू, रामवीर और श्यामवीर के अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया था। उक्त चारों सगे भाई हैं। घटना के बाद से इन लोगों ने चिलसरा में मकान बनवाकर रहना शुरू कर दिया था। बाहर की ओर दुकानें बनी हुई हैं, जबकि पीछे की ओर दूसरी मंजिल पर आवासीय परिसर है। न्यायालय से सर्वेश, योगेंद्र, रामवीर और श्यामवीर को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने की जानकारी मिलते ही घर में मातम सा पसर गया। न्यायालय के फैसले के बावजूद प्रभा देवी अपने बेटों पर लगे आरोपों को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। रो-रोकर वह अपने बेटों को निर्दोष बताने की कोशिश करती हैं। उन्होंने बताया कि वह हाईकोर्ट जाएंगी। योगेंद्र के परिवार में पुत्र दीपक(5) और पुत्री ज्योति(12), रामवीर के परिवार में पुत्र भीम(6), श्यामवीर के परिवार में दो पुत्र पियूष(8) और मुन्ना(6) हैं। सर्वेश के दो पुत्र गब्बू(13), प्रांशु(11) के अलावा एक पुत्री भी है। सभी भाइयों की पत्नियां भी यहीं रहती हैं।