पत्नी को पीट पति फांसी पर झूला
संवाद सूत्र, शमसाबाद : घरेलू विवाद में पति ने गर्भवती पत्नी की लोहे की राड से पिटाई कर दी। गंभीर
संवाद सूत्र, शमसाबाद : घरेलू विवाद में पति ने गर्भवती पत्नी की लोहे की राड से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। इसी दौरान पति ने घर पर फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानगंज खरेटा निवासी शिवनाथ का शनिवार सुबह अपनी पत्नी पूजा से विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने पास में पड़ी लोहे की राड से पत्नी की पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले गए। इसी दौरान किसी ने गांव में अफवाह फैला दी कि पूजा की मौत हो गई है। इससे घबराकर शिवनाथ ने घर के अंदर बरामदे में रस्सी से फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। पड़ोसियों ने उसे फांसी पर लटकते देखा तो ¨जदा होने की आस में फंदे से उतार लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन पूजा को शमसाबाद के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घर पहुंचे। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शिवनाथ के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि शिवनाथ का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसके चलते उसने पत्नी के साथ मारपीट कर फांसी लगा ली। शिवनाथ के एक पुत्र अखिलेश (4) व एक पुत्री शांती (5) है। थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।