संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को गोली लगी
- राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गांधी की घटना फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : राजेपुर थाना क्षेत्र क
- राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गांधी की घटना
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गांधी निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गया। आननफानन ही परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। यहां सर्जन न होने की जानकारी मिलते ही परिजन घायल को लेकर चले गए।
ग्राम गांधी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्रीकृष्ण के पुत्र चंद्रकांत(21) को संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार रात कमर के निचले हिस्से में गोली लग गई। परिजन घायल चंद्रकांत को लेकर लोहिया अस्पताल आए। यहां उसका नाम दर्ज ही हो पाया था कि सर्जन न होने की जानकारी परिजनों को मिल गई। इसके बाद वह लोग प्राइवेट अस्पताल ले गए। घटना के पीछे अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीकृष्ण ने दो विवाह किए थे। दोनों पत्नियों से बच्चे हैं। श्रीकृष्ण के सेवानिवृत्त होने के बाद संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रकांत गोट में तमंचा लगाकर घूम रहा था और इसी बीच अचानक गोली चल गई। एसओ राजेपुर मुकेश यादव ने घटना के बारे में कोई भी जानकारी होने से इन्कार किया।