जीरागौर पहुंचे आईजी ने घटना का लिया जायजा
कमालगंज, संवाद सूत्र : बीती दो मई को जीरागौर में लूटपाट के दौरान हुई मां-बेटी की हत्या का मामला और त
कमालगंज, संवाद सूत्र : बीती दो मई को जीरागौर में लूटपाट के दौरान हुई मां-बेटी की हत्या का मामला और तूल पकड़ गया है। जनपद में वार्षिक निरीक्षण पर आये आईजी जकी अहमद भी बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे और विभिन्न ¨बदुओं पर पड़ताल की। घटना के दौरान छत पर सो रहे अब्दुल शमीम के दोनों पुत्रों और शमीम के मित्र अख्तर हुसैन से भी घटना की जानकारी लेकर आवश्यक पूछताछ की।
आईजी ने बदमाशों द्वारा लूटपाट के दौरान तोड़ी गई अलमारी का अवलोकन किया। घटना के समय छत पर सो रहे गृहस्वामी अब्दुल शमीम के पुत्रों अब्दुल हसीब, अब्दुल सदीम व दोस्त अख्तर हुसैन से अलग-अलग पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। हसीब ने बताया कि मां-बेटी को बिस्तर पर ही मार दिया गया था। अब्दुल शमीम से उठा-पटक होने की संभावना है। वह घायल अवस्था में बिस्तर से अलग आंगन में पड़े थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी मांगने पर क्षेत्राधिकारी कालूराम दोहरे व थानाध्यक्ष सालिगराम वर्मा ने बताया कि मशवरी बेगम की मौत सिर में चोट व उनकी पुत्री महरोज की मौत गला दबाने से हुई है। आईजी ने पुलिस अधीक्षक राजेश कृष्ण से गांव की भौगोलिक स्थिति एवं बदमाशों द्वारा छोड़े गये कोई सामान आदि की जानकारी ली। मौके पर मौजूद गांव के ही मो. यूसुफ ने आईजी से शिकायत की कि घायल अब्दुल शमीम दिव्यांग हैं। उनकी पुत्री भी दिव्यांग थी। केवल डेढ़ बीघा खेत है। दो हत्या होने के बाद पीड़ित परिवार को प्रशासन ने कोई आर्थिक मदद नहीं दी है। पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद किये जाने की मांग की गई। इस पर सपा विधायक के पुत्र अरशद जमाल सिद्दीकी ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद के लिए पत्र भेजा गया है। आईजी ने बताया कि घटना में किसी बड़े गिरोह का हाथ होने की संभावना नहीं लग रही है। कोई विशेष क्लू भी नहीं मिला है। घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिये गए हैं।