बच्चों के आंसुओं ने मिलाए दिल
कमालगंज (फर्रुखाबाद), संवाद सूत्र : 'अम्मा घर चलो तुम्हारी बहुत याद आती है। तुम कहां चली गई थी। अब त
कमालगंज (फर्रुखाबाद), संवाद सूत्र : 'अम्मा घर चलो तुम्हारी बहुत याद आती है। तुम कहां चली गई थी। अब तो नहीं जाओगी न। बाबू भी कुछ नहीं बोलते हैं। हम लोगों को आपके बिना बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है।' यह बात कहते हुए चार साल का मासूम अपनी मां के गले से लिपट गया। उसके पीछे पीछे अन्य पांच भाई बहन भी मां को मनाने में जुट गए। यह नजारा कमालगंज का था। डेढ़ वर्ष पूर्व प्रेमी के साथ चंपत हुई पांच बच्चों की मां को पुलिस बरामद कर थाने लाई। महिला पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। बच्चों के रोने पर उसका दिल पसीज गया और वह छोटे बेटे को गोद में लेकर पति के साथ चली गई।
जनपद हरदोई थाना पतौरा के गांव मंझा निवासी ग्रामीण ने थाने पहुंचकर सूचना दी कि डेढ़ वर्ष पूर्व गांव का ही युवक उनकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले गया था। उसने थाना पतौरा में एनसीआर दर्ज कराई थी। उसे सूचना मिली है कि उसकी पत्नी के साथ युवक अपनी बहन के यहां कमालगंज के गांव दीनारपुर में राखी बंधवाने आया है। पुलिस दीनारपुर में दबिश देकर महिला व युवक को थाने ले आई। पति के समझाने के बावजूद महिला प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। कुछ देर बाद महिला के पांचों बच्चे थाने पहुंच गये। बच्चों को देखते ही महिला की आंखों में आंसू आ गये। वह बच्चों से लिपटकर रोने लगी। बच्चों ने मां से घर चलने को कहा तो उसका दिल पसीज गया। वह बच्चों के साथ पति के घर जाने को तैयार हो गई। प्रेमी को पुलिस हिरासत में छोड़ महिला पति के साथ चली गयी। उपनिरीक्षक केवी तिवारी ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। महिला पति के साथ चली गयी है।