चिलसरा मार्ग के फुटपाथ पर सब्जी मंडी से जाम
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : शहर का व्यस्त चिलसरा मार्ग के फुटपाथ भी अतिक्रमण की चपेट में है। इसी म
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : शहर का व्यस्त चिलसरा मार्ग के फुटपाथ भी अतिक्रमण की चपेट में है। इसी मार्ग पर हैवतपुर गढि़या व टाउनहाल कांशीराम कालोनियां हैं। देर रात तक लोगों का आना-जाना रहता है। टाउनहाल स्थित कांशीराम कालोनी के सामने मुख्य सड़क के फुटपाथ पर सब्जी मंडी लगती है। चार पहिया ठेली पर दुकानें लगाकर फल व अन्य सामान की बाजार लगता है। इससे अक्सर जाम लग जाता है। वहीं पैदल यात्रियों का भी निकलना दूभर है।
खास बात यह है कि इसी सड़क पर तड़के बालू से भरी बैलगाड़ियां फुटपाथ पर कतार लगाकर खड़ी होती हैं। सुबह 10 बजे तक बालू की बिक्री होती है। रोशनाबाद व शमसाबाद जाने वाले टेंपो व तांगे फुटपाथ पर खड़े होकर सवारियां भरते हैं। तहसील सदर से चिलसरा मार्ग पर मुड़ते ही नाले के ऊपर नागरिकों ने स्थायी निर्माण करा रखा है। इससे नाला पट गया है। फुटपाथ पर व्यापारी पालीथिन तानकर दुकान का सामान सजाते हैं। कांशीराम कालोनी की मोड़ पर तो अतिक्रमण के चलते फुटपाथ गायब हो गया है। सब्जी, बिसातखाना व खिलौनों की दुकानें भी फुटपाथ पर ही लगती हैं। चार पहिया ठेली दुकानदार खड़े होते हैं। कुछ आगे बढ़ने पर नगरपालिका कर्मचारियों ने जेसीबी से नाले की सिल्ट खाली पड़े फुटपाथ पर डाल दी है। सिल्ट उठाने की पालिका ने जहमत नहीं उठाई। बारिश होने से सिल्ट बहकर सड़क तक आ गई है। इससे कीचड़ में नागरिकों का निकलना मुश्किल है। कालोनी की तरफ जाने वाली महिलाएं व बच्चे फुटपाथ घिरे होने से सर्वाधिक मुसीबत झेल रहे हैं। बालू, अनाज आदि सामान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां भी इसी सड़क से गुजरती हैं। इससे अक्सर जाम लगता है। कुछ आगे बढ़ने पर कर्बला है। छोटे-बड़े साहब की दरगाह, गमा देवी मंदिर जाने वाले लोग भी भीषण गर्मी में जाम में फंसकर परेशान होते हैं।
प्रशासनिक लापरवाही से हुए फुटपाथ पर कब्जे
टाउनहाल निवासी आदेश यादव ने कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण होना ¨चता का विषय है। इस समस्या पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। अतिक्रमण होने से सड़कें सिकुड़ती जा रही हैं। प्रशासनिक लापरवाही के चलते फुटपाथ खाली होने के बजाये कब्जेदार बढ़ते जा रहे हैं। ढुइयां निवासी शकील सिद्दीकी ने कहा कि फुटपाथ पर अवैध कब्जे की समस्या गंभीर है। इसके खिलाफ सामूहिक आवाज उठनी चाहिए। समस्या का हल होना अतिआवश्यक है। व्यापारियों को भी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। अंबेडकर कालोनी भोलेपुर निवासी शिक्षक नरेंद्र कुमार ने कहा कि फुटपाथ पर चलने का हक पैदल यात्रियों को है। उन्हें यह हक मिलना चाहिए। पुलिस प्रशासन को तत्काल कड़े कदम उठाकर कार्रवाई करनी चाहिए। फुटपाथ खाली होने पर ही जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।
रकाबगंज निवासी महेंद्र ¨सह पाल ने कहा कि फुटपाथ पर कब्जे की समस्या गंभीर है। वह लोग चिलसरा मार्ग पर अक्सर जाम में फंसते हैं। इस पर नगरपालिका, पुलिस व प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ खाली होने से नागरिक राहत महसूस करेंगे। व्यापारियों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। मानवाधिकार कार्यकर्ता आदित्य दीक्षित ने कहा कि स्कूल, कालेज खुलने के बाद से जाम की समस्या और विकराल हो गई है। फुटपाथ घिरे होने से पैदल जाने वाले बच्चे परेशान होते हैं। स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों की समस्याओं को देखते हुए तत्काल फुटपाथ खाली कराये जायें। अभय शंकर द्विवेदी ने कहा कि फुटपाथ खाली कराने में पुलिस प्रशासन को सख्ती बरतनी होगी। फुटपाथ खाली कराने के बाद पुन: कब्जा न हो इसकी जिम्मेदारी पुलिस को दी जानी चाहिए। किराना बाजार निवासी पं.विश्नाथ शुक्ला ने कहा कि अतिक्रमण के लिए व्यापारियों को ही दोष देना गलत है। इसमें नगरपालिका भी बराबर की जिम्मेदार है। पालिका कर्मी फुटपाथ पर ही कूड़ा डाल देते हैं। समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना चाहिए।
कब्जेदारों पर लगेगा जुर्माना
नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पीके श्रीवास्तव ने बताया कि कई बार हिदायत देने के बावजूद कुछ लोग फुटपाथ खाली नहीं कर रहे हैं। इन लोगों का सर्वे करवाकर जुर्माना वसूला जायेगा। उन्होंने कहा कि जुर्माना अदा न करने पर दुकान का सामान जब्त कर लिया जायेगा। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से भी दिशानिर्देश प्राप्त किये जा रहे हैं। फुटपाथ पर लगी सिल्ट शीघ्र हटवायी जाएगी।
--------
दैनिक जागरण कार्यालय
रामबाग, क्रिश्चियन कालेज के सामने, फर्रुखाबाद।