श्रीलंका के बौद्ध अनुयायी की संकिसा आते समय बस में मौत
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : श्रावस्ती से बौद्ध अनुयायियों को लेकर गुरुवार दोपहर संकिसा जा रही बस म
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : श्रावस्ती से बौद्ध अनुयायियों को लेकर गुरुवार दोपहर संकिसा जा रही बस में श्रीलंका के स्टेट पस्सारा जनपद बदुल्ल के हालेयल निवासी पालका रत्नायक मुदियनसिलागे सोमचंद्र की हरदोई के नजदीक हालत बिगड़ गई। बौद्ध भिक्षु भंते धम्मपाल थैरो यात्रियों से भरी बस लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। वह सोमचंद्र को इलाज के लिए इमरजेंसी में ले गये। डा.अशोक कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डाक्टर ने शव मॉर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। उनके साथ आये बौद्ध अनुयायी संकिसा के लिए रवाना हो गये। डा.अशोक कुमार ने बौद्ध अनुयायी की हार्टअटैक से मौत होने की आशंका व्यक्त की है। भंते धम्मपाल थैरो के साथ आये आरएम लक्ष्मण ने बताया कि वह लोग बनारस से बौद्ध तीर्थ स्थलों का भ्रमण करते हुए श्रावस्ती से संकिसा आ रहे थे। उनके साथ श्रीलंका के 84 महिला और पुरुष बौद्ध अनुयायी थे। हरदोई से निकलने के बाद भोजन देने के लिए जब आरएम सोमचंद्र को जगाया तो वह नहीं उठे। वह पूरी बस लेकर लोहिया अस्पताल आ गये। सोमचंद्र को मृत घोषित कर दिये जाने के बाद अन्य सभी अनुयायी बौद्ध पूजा में शामिल होने संकिसा चले गये हैं। शुक्रवार को सभी लोगों को दिल्ली पहुंचना है। वहां से वह लोग चेन्नई होते हुए श्रीलंका वापस चले जाएंगे। सोमचंद्र का शव पोस्टमार्टम के बाद वह लोग श्रीलंका ले जाएंगे। घटना की जानकारी मिलने पर भदंत विजय सोम इंटर कालेज संकिसा के प्रधानाचार्य प्रताप बहादुर व जनपद के अन्य बौद्ध अनुयायी लोहिया अस्पताल पहुंच गये। उन्होंने बौद्ध भिक्षु थैरो से घटना के संबंध में जानकारी की। सूचना पर अस्पताल पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाया।