सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : अलग अलग थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में कन्नौज की बाइक सवार महिला स
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : अलग अलग थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में कन्नौज की बाइक सवार महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जसूपुर गढि़या निवासी दिलदार उर्फ दीवानी का दस वर्षीय पुत्र नन्हें अपने बहनोई गांव बवना निवासी आसीन (22) के साथ दिल्ली घूमने गया था। दीपावली पर वह बहनोई के साथ वापस अपनी बहन की ससुराल आ गया। शुक्रवार सुबह आसीन बाइक से नन्हें को लेकर ससुराल जसूपुर गढि़या जा रहे थे। कायमगंज बाईपास पर हथियापुर व पेट्रोल पंप के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे साले, बहनोई घायल हो गये। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। बेहोशी हालत में काफी देर तक दोनों सड़क पर पड़े रहे। समाजवादी एंबुलेंस से दोनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने नन्हें को मृत घोषित कर दिया। नन्हें गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। वहीं कन्नौज थाना गुरसहायगंज के कस्बा समधन निवासी 50 वर्षीय महरूल निशां अपने पुत्र सलमान के साथ बाइक से कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर सरायमेदा रिश्तेदारी में विवाह समारोह में जा रही थी। कमालगंज में विद्युत सब स्टेशन के पास साइकिल से बाइक टकरा जाने से गिरकर मां-बेटा घायल हो गये। दोनों को सीएचसी कमालगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर महरूल निशां को रिफर कर दिए जाने पर लोहिया अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव धन्सुआ निवासी अभिनव कटियार (25) तथा मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव अभयपुर निवासी गौरव (19) जख्मी हो गये।