गैस लीकेज होने पर किशोरी की जलकर मौत
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव धना नगला में मंगलवार सुबह गैस चूल्हे
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव धना नगला में मंगलवार सुबह गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय आग लगने से किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव धना नगला निवासी रूपलाल की 15 वर्षीय पुत्री मंशा देवी को गंभीर रूप से झुलसी हालत में मंगलवार दोपहर लोहिया अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मंशा देवी की मां रामदेवी व भाई नंदकिशोर ने बताया कि मंगलवार सुबह परिवार के सभी लोग खेत पर धान काटने गये थे। घर पर केवल मंशा देवी व बहू नीलेश कुमारी थी। मंशा देवी छोटे गैस सिलेंडर से चूल्हे पर खाना बना रही थीं। बहू नीलेश घर के बाहर काम कर रही थी। अचानक सिलेंडर से गैस लीक होने से मंशा देवी के कपड़ों में आग लग गई। आग का गोला बनी मंशा देवी चीखती हुई घर के बाहर भागी। यह नजारा देखकर उसकी भाभी नीलेश के हाथ-पांव फूल गए। उसकी चीख-पुकार पर पहुंचे पड़ोसियों ने आग बुझाकर खेत पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अनुसार मंशा देवी अपनी सात बहनों में छठे नंबर की थी। सबसे छोटी बहन सतानो(10) और सबसे बड़ा इकलौता भाई नंदकिशोर है। डा.धर्मेद्र कुमार ने बताया कि किशोरी की मौत हो जाने पर परिजन शव लेकर घर चले गये।