पेट्रोल पम्प से 3319 लीटर डीजल चोरी
राजेपुर, संवाद सूत्र : पेट्रोल पंप से रविवार रात चोरों ने लोहे का पाइप काटकर करीब ढाई लाख रुपये का 3319 लीटर डीजल चोरी कर लिया। डीजल समाप्त होने पर कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के सियाराम फिलिंग स्टेशन पर रविवार रात चोर लोहे का पाइप काटकर 3319 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। पेट्रोल पंप पर अमृतपुर क्षेत्र के गांव बलीपट्टी निवासी धनीराम शुक्ला, जनपद एटा के नगला अन्नी निवासी संजय कुमार व कन्नौज के तारामई गढ़ी निवासी श्रवण कुमार कर्मचारी हैं। सोमवार सुबह कर्मचारियों ने डीजल व पेट्रोल की बिक्री शुरू की। डीजल खत्म हो जाने पर चोरी की जानकारी हुई। धनीराम शुक्ला ने एटा निवासी पंप मालिक विनोद कुमार शर्मा व थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीओ मोहम्मदाबाद योगेश कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष कन्हई लाल सचान ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
एटा निवासी पेट्रोल पम्प मालिक विनोद कुमार शर्मा के भतीजे सोनू शर्मा ने डीजल चोरी में अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एफएसओ यदुनाथ सिंह ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। प्रभारी थानाध्यक्ष कन्हईलाल सचान ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।