पुलिस पर फायरिंग कर बदमाश फरार
मोहम्मदाबाद, संवाद सूत्र : प्रार्थनापत्र की जांच करने जा रहे सिपाहियों पर ग्राम करथिया के नजदीक बदमाशों ने फायरिंग कर दी। सिपाहियों ने जवाब में गोलियां चलाने की कोशिश की, लेकिन उनकी एके 47 दगा दे गई। मौके का फायदा उठाकर हमलावर भाग निकले। पुलिसकर्मियों कुछ दूरी पर एक बदमाश को दबोच लिया। उसके पास से बाइक बरामद हुई है।
कोतवाली के सिपाही महेंद्र सिंह व सुदीश कुमार शनिवार दोपहर प्रार्थनापत्र की जांच करने ग्राम करथिया जा रहे थे। सड़क किनारे कुछ युवक बैठे शराब पी रहे थे। उनके नजदीक दो बाइकें खड़ी थीं। सिपाहियों के टोकने पर युवक भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। साथियों के पकड़े जाने पर युवकों ने फायरिंग कर दी। बचाव में सिपाहियों ने भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन सिपाही महेंद्र सिंह की एके 47 दगा दे गई। मौके का फायदा उठाकर पकड़ा गया एक युवक पुलिस के चंगुल से छूटकर भाग गया। सिपाहियों ने डूंगरपुर निवासी जगवीर सिंह उर्फ जग्गू को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक बीके यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भागे हुए बदमाशों की तलाश की।
पुलिस ने मौके से लाल रंग की पैशन बाइक कब्जे में ली है। बदमाशों के बैग से दो चाबी के गुच्छे, चांदी की तोड़ियां, चाकू व लोहे की रॉड बरामद हुई।