चार को सांप ने डसा, एक की मौत
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में पानी कम होते ही जहरीले जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को चार लोगों को सांप ने निशाना बनाया। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें एक की मौत हो गई। दो दिन में 8 लोग सर्पदंश का शिकार हुए और दो ने दम तोड़ा।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव अर्जुन नगला निवासी नत्थू खां (55) शुक्रवार की शाम खेत से घास काटने गये थे। वहां उन्हें सर्प ने डंस लिया। घर पर झाड़-फूंक कराई गई। लाभ न होने पर सीएचसी कायमगंज ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया अस्पताल भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर चले गये।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव रामसहाय का नगला (भिड़ौर) निवासी बादाम सिंह की पत्नी मानश्री (40) अपने दरवाजे के चबूतरे पर चारपाई पर बैठी थीं। आसपास बाढ़ का पानी भरा था। परिजनों के बुलाने पर जैसे ही उन्होंने चारपाई से नीचे पैर रखा, उन्हें सर्प ने डस लिया। शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुइयां खेड़ा निवासी नरेद्र सिंह की पत्नी गुड्डी देवी (45) को सोते समय रात में किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। वहीं जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव अजीजलपुर निवासी जुल्फिकार (40) शाम को खेत में पानी लगा रहे थे। अचानक उन पर सांप ने दंश गड़ा दिए।