बाइक सवार महिला की मौत, दो घायल
कमालगंज, संवाद सूत्र : ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि ससुर व ननद घायल हो गये। पूर्व विधायक ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ट्रैक्टर व बाइक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कन्नौज के थाना गुरसहायगंज के गांव मझपुरवा निवासी बाइक सवार अहमद हुसैन (48) गांव भड़ौसा स्थित रिश्तेदारी से ईद मिलकर पुत्रवधू तस्कुरुना बेगम (22) व पुत्री अफरोज (18) के साथ वापस जा रहे थे। जनपद की सीमा खुदागंज काली नदी पुल के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तस्कुरुना बेगम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि अहमद हुसैन व अफरोज गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी तस्कुरुना के परिजनों के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायलों को गुरसहायगंज इलाज के लिए भेजा। थानाध्यक्ष यतेंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बाइक व ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों के अनुसार अहमद हुसैन पुत्रवधू के साथ बाइक से आ रहे थे। जबकि पुत्री अफरोज टेंपो से आ रही थी।