गोताखोरोंने निकाला गंगा में डूबे छात्र का शव
कमालगंज, संवाद सूत्र : गंगा में डूबे छात्र का शव दूसरे दिन शुक्रवार को गोताखोरों ने निकाला। सूचना पर गंगा तट पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। चारपाई पर लादकर शव गांव लाया गया।
गांव उमराव नगला निवासी विनोद शास्त्री का 15 वर्षीय पुत्र शिवम उर्फ शिवा गुरुवार दोपहर गंगा में डूब गया था। पुलिस व ग्रामीणों ने गंगा तट पहुंचकर खोजबीन के प्रयास किये थे। लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इस पर आजादनगर भटपुरा से गोताखोर बुलवाकर डूबे शिवम की खोजबीन देर रात की गई। शुक्रवार भोर में पुन: खोजबीन शुरू की गई। कुछ देर बाद गंगा किनारे बालू में शव पड़ा मिला। मां मनोरमा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिवम दो भाइयों में बड़ा था। आरपी इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजन शव पर बिलख कर रोते रहे। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष मो. मुस्लिम खां ने बताया कि परिजनों ने घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी है।