पहाड़ों से आई नमी घोलेगी ठंड
फैजाबाद : शनिवार को मौसम के मिजाज में तब्दीली आ गई। तेज हवाओं संग आए बादलों ने वातावरण में ठंड घोल द
फैजाबाद : शनिवार को मौसम के मिजाज में तब्दीली आ गई। तेज हवाओं संग आए बादलों ने वातावरण में ठंड घोल दी। रविवार को भी मध्यम स्तर तक के बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे गलन व ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इसकी वजह पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और उस ओर से आ रही नमी है।
शुक्रवार को भी तेज हवाओं के चलने का सिलसिला जारी था। शनिवार को हवाओं की रफ्तार में और बढ़ोतरी हो गई। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं अपने साथ नमी लेकर आई। यही नमी बादलों का रूप धारण कर रही है। शनिवार को मध्याह्न 12 बजे तक तो धूप निकली रही, लेकिन फिर बादलों ने दस्तक दे दी। शाम तक तक धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। फसल मौसम सतर्कता समिति के राज्य के पूर्व समन्वयक व मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ अध्याय के अध्यक्ष प्रो. पद्माकर त्रिपाठी के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसी वजह से ठंड से निजात नहीं मिल सकी है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही नमी ही बदली की वजह है। रविवार को भी मध्यम स्तर तक के बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश होने की संभावना नहीं है। गलन व ठिठुरन में अवश्य इजाफा हो सकता है। उन्होंने बताया कि रविवार से पूर्वा हवाएं चलने की संभावना है। इससे बादल और बढ़ सकते हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम साढ़े पांच डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 38 फीसदी रही।