किया था सचेत, फिर भी नहीं चेते, धंसा फोरलेन
रुदौली (फैजाबाद) :जिले की सीमा पर बाबा राम सनेही घाट पुल के पास फोरलेन सोमवार की सुबह अचानक धंस गया।
रुदौली (फैजाबाद) :जिले की सीमा पर बाबा राम सनेही घाट पुल के पास फोरलेन सोमवार की सुबह अचानक धंस गया। मानसून की जरा सी बारिश ने फोरलेन को धंसा दिया। फोरलेन धंस जाने से राहगीरों में हड़कंप मच गया। राहगीरों की शिकायत पर चेते एनएचआई ने कार्यदायी संस्था पीएनसी को तत्काल मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। आनन-फानन में मरम्मत का कार्य शुरु हो गया है। बताते चले कि अभी 14 जून को ही जागरण ने एनएचआई को 'तेजी से खिसक रही फोरलेन के नीचे की जमीन'नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित कर अफसरों को चेताया था। लेकिन एनएचआई ने केवल मिट्टी से भरी बोरियां डाल कर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली। दो दिन दो दर्जन से अधिक मजदूरों ने कार्य किया पर नतीजा सिफर रहा। मरम्मत के नाम महज खानापूरी ही की गई थी। फोरलेन के नीचे की जमीन की मिट्टी को निकाल कर ही पाटा गया था। रविवार को हुई हल्की बारिश में ही हाईवे के किनारे की मिट्टी धंस गई और फोरलेन दरक गया। लगभग पांच फिट गहराई तक फोरलेन धंस गया। फोरलेन धंसने की सूचना मिलते ही एनएचआई सचेत हुआ और पीएनसी को मरम्मत के निर्देश दिए। मौके पर जेसीबी मशीन से धंसे फोरलेन को उखाड़ने का कार्य किया जा रहा है। कार्य करा रहे पीएनसी के सुपरवाइजर उमेश कुमार ने बताया कि सुबह धंसने की जानकारी पर मरम्मत का कार्य शुरु कराया गया है। उन्होंने गहरे गड्ढा होने की पुष्टि की।
टला बड़ा हादसा
सोमवार को हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया। शुक्र रहा कि कोई तेज रफ्तार वाहन गड्ढे गहरे में गिरा नहीं। अगर ऐसा होता तो बड़ा हादसा होता। एनएचआई की लापरवाही इस मामले में एक बार फिर उजागर हुई है। लगातार अनुरक्षण कार्य न होने से भी दिक्कते आ रही हैं। इतना ही नहीं मवई, दलसराय, रौजागांव व लोहिया पुल के पास भी हाईवे के नीचे से मिट्टी तेजी से खिसक रही है। फोरलेन लगातार दरक रहा है। गत वर्ष भी कुशहरी जंगल के पास हाईवे दरका था जिसे बनने में एक माह का समय लग गया। एक माह तक फोरलेन वनवे था। ओवरब्रिज पर टूटी रे¨लग, जगह जगह सड़क में दरारें आने से हाईवे पर चलना खतरे से खाली नहीं है।