संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्धा का शव बरामद
बाबा बाजार (फैजाबाद) : शौच के लिए घर से निकली एक वृद्धा का शव गुरुवार को अपरान्ह संदिग्ध परिस्थितियो
बाबा बाजार (फैजाबाद) : शौच के लिए घर से निकली एक वृद्धा का शव गुरुवार को अपरान्ह संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ी से बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण जहां लूट के बाद हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं, वहीं पुलिस हत्या की बात से इनकार करते हुए पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होने की बात बता रही है। घटना मवई थाना क्षेत्र के ग्राम पारापहाड़ पुर में हुई। यहां की रहने वाली विधवा रमावती 70 वर्ष सुबह दस बजे गांव के जूनियर हाईस्कूल के पीछे शौच करने गई थी। पंरतु जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो परिवारीजन उसे तलाशना शुरू कर दिया। दोपहर डेढ बजे वृद्धा का शव झाड़ी से बरामद हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक वृद्धा के कान की बाली व पायल सहित अन्य जेवरात गायब थे। नाक से खून भी बह रहा था। हालांकि वृद्धा के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिवारीजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बताते हैं कि वृद्धा फैजाबाद में एक रिश्तेदारी में गई थी। वहीं से वह वापस आई थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मवई राजीव सिंह व चौकी प्रभारी बाबा बाजार सुधाकर यादव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल की और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने किसी पर कोई आशंका नहीं व्यक्त की है। परिजनों ने बताया कि गांव में किसी से कोई विवाद भी नहीं था। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। मौके की स्थिति हत्या की तरफ इशारा नहीं कर रही है।