मंत्री ने मानी प्रचार में पीछे होने की बात
फैजाबाद: समाज कल्याण मंत्री अवधेश प्रसाद ने कहा कि कार्यकर्ता 2017 में सपा कार्यकर्ता प्रदेश में दोबारा सरकार बनवाने के लिए अभी से जुटें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार रोज नए और लोकहित के कार्य कर रही है। हम सिर्फ प्रचार में पीछे हैं। वह इनायतनगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में सपा की जीत ने भाजपा की प्रदेश ही नहीं पूरे देश में हवा निकाल दी है। मंत्री ने कहा कि इस साल 40 लाख लोगों को समाजवादी पेंशन दी जाएगी, जो अप्रैल से देय रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि अगले बजट में एक करोड़ लोगों को समाजवादी पेंशन दी जाए। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर क्षेत्र में 62 किलोमीटर नई सड़क बनेगी। क्षेत्र में दो राजकीय महाविद्यालय स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें स्नातक स्तर की शिक्षा दी जाएगी। एक महिलाओं के लिए होगा। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय जिले में एकदम नया होगा। 100 शैय्या का अस्पताल भी स्वीकृत हो चुका है।
जिलाध्यक्ष जयशंकर पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ता अगर बोलना शुरू कर दे तो भाजपा की कोई हैसियत नहीं है कि वह झूठा प्रचार करके जनता को भ्रमित कर सके। जिला महासचिव गंगा सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ता सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव व मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार जनता के बीच में जाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेदप्रकाश यादव ने की। कार्यक्रम को बाबूराम यादव, वेदप्रकाश यादव, सब्बीर अली, मदन यादव, शिवशंकर, रामप्रकट रावत, स्वामीनाथ यादव, अभयराज, संदीप सिंह, सुनील, राजेंद्र रावत, शरद पाठक, सूर्यभान, दीदार अब्बास, सर्वेश वर्मा, सोनू तिवारी ने संबोधित किया।