सूखे से निपटने के लिए आगाह कर गए प्रमुख सचिव
फैजाबाद : प्रदेश के प्रमुख सचिव (सार्वजनिक उद्यम) चंद्रप्रकाश गुरुवार को आए थे, जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करने, लेकिन उन्हें सूखे का आभास हो गया। उन्होंने सूखे से निपटने की तैयारियों के बारे में अधिकारियों से पूछा और आगाह भी किया। भवन निर्माण कार्यो में श्रमिक पंजीयन की रफ्तार बनाए रखने तथा श्रमिक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों को दिलाने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव चंद्रप्रकाश जिले के प्रभारी अधिकारी भी हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने रुदौली तहसील क्षेत्र के हलीमनगर में पंचायत लगाई। यहां अनुपस्थित पाए गए सहायक निबंधक सहकारिता नरेंद्र कुमार गुप्ता व बाराबंकी के अधिशासी अभियंता सिंचाई सुभ्रात सिंह से स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया।
प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी अनिल ढींगरा व मुख्य विकास अधिकारी अरविंद माल्लपा बेंगारी को सूखे की कार्ययोजना भी बनाने को कहा। इसमें नहरों से खेतों को पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता, फसल नष्ट होने पर वैकल्पिक फसल, मनरेगा के तहत रोजगार मुहैया कराने व तैयारियों पर बल दिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नहरों से 30 हजार हेक्टेयर, 580 सरकारी नलकूपों से तीन हजार हेक्टयर, निजी नलकूपों से 66 हजार हेक्टेयर खेत की सिंचाई की जा सकती है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्षा कम होने पर धान की फसल काटने के तुरंत बाद तोरिया की बुआई की जा सकती है। यह फसल 45 से 60 दिनों में तैयार हो जाती है। चारागाहों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष बल दिया गया। अतिक्रमण करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने का निर्देश भी दिया। सहायक श्रमायुक्त रचना केसरवानी से कहा कि गत वर्ष की तरह श्रमिक पंजीयन व लाभार्थी योजनाओं का लाभ दिलाने में रफ्तार बनाए रखें। बताया गया कि 40 श्रेणियों में श्रमिक पंजीयन किया जाता है। 18 कल्याणकारी योजनाएं चल रहीं हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी केपी मिश्र से अंत्योदय, बीपीएल व एपीएल परिवारों को खाद्यान्न व केरासिन वितरण समय से सुनिश्चित कराने को कहा। प्रगतिशील किसानों के प्रोत्साहन पर बल दिया गया।
समीक्षा बैठक में कृषि, पशुपालन, डेरी, उद्यान, मत्स्य, उद्योग, श्रम, हार्टीकल्चर व पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने विकास की चमाचम बुकलेट जिलाधिकारी के माध्यम से प्रमुख सचिव को पेश की। शिकायतों व समस्याओं पर सुनवाई कर गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने रुदौली तहसील के हलीमनगर में पंचायत लगाई और ग्रामवासियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं व शिकायतों को सुना। इस दौरान जिला अधिकारी ,मुख्य विकास अधिकारी , उपजिलाधिकारी रुदौली, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक व अन्य अधिकारी मौजूद थे।