मांझा में बदमाशों का धावा, महिला से दुष्कर्म, कई को पीटा
फैजाबाद : सशस्त्र बदमाशों ने मांझियों की बस्ती में धावा बोलकर कर जमकर उत्पात मचाया। एक युवक का आरोप है कि बदमाश उसकी पत्नी को झोपड़ी के बगल स्थित गन्ने के खेत में खींच ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। बदमाशों ने एक अन्य महिला पर हमला कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। बदमाशों की पिटाई से दोनों महिलाओं सहित चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अयोध्या स्थित श्रीराम चिकित्सालय में भर्ती कराया है। शरारती तत्वों ने बस्ती के अन्य घरों को भी निशाना बनाकर लूटपाट की तथा लोगों को मारापीटा, जिससे में कई लोग जख्मी हुए है।
दर्शननगर संवादसूत्र के अनुसार अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में तिहुरा मांझा इलाके में स्थित बस्ती में बुधवार की मध्य रात्रि हथियारों से लैस 12- 15 लोगों ने धावा बोल दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में एक भुक्तभोगी ने बताया कि बदमाशों ने उसकी झोपड़ी उजाड़ दी तथा उसकी पत्नी को पीटने के बाद घर के बगल स्थित गन्ने के खेत में खींच ले गए और दुष्कर्म किया। घर में रखा मोबाइल और दस हजार रुपये भी लूट ले गए। बगल में स्थित एक अन्य घर की महिला के साथ भी बदमाशों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। बदमाशों ने आधे घंटे तक बस्ती में जमकर उत्पात मचाया। इस बीच चार परिवारों की महिलाओं व लड़कियों ने भाग कर अपनी अस्मत बचाई। बदमाशों को रास्ते में जो भी मिला उसे पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया। हमले में विनोद कुमार, गीता, बजरंग, गरिमा सहित कई को चोटें आई हैं। हमला कर भाग रहे एक युवक को गांव वालों ने पहचान लिया है, जिसे तहरीर में नामजद किया है। सुबह होते ही सूचना पाकर एसडीएम सदर रामसहाय यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या सीपी सिंह व कोतवाल हरिहरनाथ मिश्र ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की तथा घायलों को श्रीराम चिकित्सालय पहुंचा। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को भी कारण माना जा रहा है। गांव वालों का कहना है कि हमले में जिसे पहचाना गया है, उसके साथ होली में बस्ती वालों का झगड़ा हुआ था। सीओ सीपी सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।