भविष्य संवारने के लिए एक बच्चा काफी : द्विवेदी
फैजाबाद : जनसंख्या स्थिरता पखवारा के तहत आयुक्त परिसर स्थित गांधी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद मंडलायुक्त विपिन कुमार द्विवेदी ने कहा कि भविष्य संवारने के लिए एक ही बच्चा काफी है। उन्होंने समुदाय स्तर सही जानकारी देकर लोगों को परिवार नियोजन के संसाधनों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने इस मिशन में जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता जतायी। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया।
कार्यशाला का विषय 'नियोजित परिवार, खुशियां अपार' रहा। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में सीमित संसाधन होने के कारण लोगों की आवश्यकता पूरी नहीं हो पाती। केरल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां जनसंख्या कम और साक्षरता दर अधिक है। पुलिस उप महानिरीक्षक नीलाब्ज चौधरी ने पुलिस विभाग के आंकड़ों को इंगित करते हुए कहा कि देश में प्रति एक लाख 103 पुलिस कर्मी हैं तो यूपी में महज 86 हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक गरीबी, बेरोजगारी, भ्रूण हत्या, हत्या, अपहरण, चोरी, दुराचार की वृद्धि के जड़ बढ़ती आबादी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन के साधन हर जगह उपलब्ध हैं, उसका इस्तेमाल कर जनसंख्या नियंत्रण किया जा सकता है। धर्मगुरुओं में महंत कौशल किशोर फलाहारी, रामजन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्रदास, फादर डी. गोंस, डॉ. निहाल रजा ने अपने-अपने संबोधन में बढ़ती आबादी को संसाधनों की उपलब्धता में बाधक करार दिया। जिला प्रशासनिक अधिकारी देशबंधु ने संचालन किया।
कार्यशाला को इनरह्वील क्लब की अध्यक्ष शिल्पी चौधरी, जिला विकास अधिकारी अभिराम त्रिवेदी, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. एचएन तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में डॉ. नानकसरन, डॉ. रंगजी द्विवेदी, डॉ. एके कनौजिया आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में कई विद्यालय की शिक्षिकाओं, छात्राओं ने हिस्सा लिया। उन्हें जनसंख्या नियंत्रण के उपायों एवं उससे होने वाले लाभ से परिचित कराया जाएगा। इस मौके पर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।