संपत्ति के मामले में कांग्रेस पर भारी आप प्रत्याशी
फैजाबाद : लोकसभा चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को पर्चा दाखिल करने वाले कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद निर्मल खत्री कुल संपत्ति के मामले में आप प्रत्याशी प्रत्याशी मयूरी तिवारी से पीछे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव, एआरओ अमित कुमार व उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) डॉ. अरविंद सिंह यादव के समक्ष कांग्रेस व आप प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
कांग्रेस के प्रत्याशी 63 वर्षीय निर्मल खत्री एडवोकेट हैं और अवध विश्वविद्यालय से 2004 में पीएचडी कर चुके हैं। उनके व पत्नी के पास करीब 76 लाख रुपये की संपत्ति है। इसके मुकाबले आप प्रत्याशी मयूरी व उनके पति के पास करीब 89 लाख की संपत्ति है। निर्मल खत्री की ओर से दिए गए शपथपत्र में उनके पास दो लाख 55 हजार नकदी, सावधि खातों, बचत योजनाओं, वाहन जेवरात, असलहे के रूप में 21 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति है। पत्नी के पास 14 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति है। नकदी महज तीस हजार है। मारुति एर्टिगा, एक रिवाल्वर व एक राइफल है। पत्नी के पास टाटा सफारी कार व एक बंदूक है। रीडगंज में मकान, दो बड़े प्लाट हैं। पत्नी के पास खेत भी है। खत्री पर कोई देनदारी नहीं है, जबकि पत्नी पर 29 लाख 83 हजार की देनदारी है। वह आयकर दाता हैं। वे सोशल साइट से भी जुड़े हैं। निर्मल खत्री ने तीन पर्चे दाखिल किए।
परास्नातक शिक्षित आप प्रत्याशी मयूरी तिवारी (35) के पास 15 हजार नकदी है। सावधि जमा खातों, बचत खातों सोना व चांदी के तौर उनके पास 23 लाख 18 हजार हैं। इसी तरह पति के पास 29 लाख 59 हजार हैं। प्रत्याशी के पास कोई वाहन या असलहा नहीं है। पति के पास ट्रक व जीप है, लेकिन कोई असलहा नहीं है। पति के पास मकान, खेत व प्लाट के रूप में 36 लाख की संपत्ति है। मयूरी तिवारी पर कोई सरकारी बकाया नहीं है, जबकि पति के नाम 33 लाख का सरकारी बकाया है। वह आयकर दाता हैं और 2012-13 में सात लाख 86 हजार का आयकर अदा किया है।