पत्नी का गला घोटकर मार डाला
संवादसूत्र, वैदपुरा : थाना अंतर्गत ग्राम रजमऊ में गुरुवार की रात मायके में रह रही महिला की उसके पति
संवादसूत्र, वैदपुरा : थाना अंतर्गत ग्राम रजमऊ में गुरुवार की रात मायके में रह रही महिला की उसके पति ने अपने भाई के साथ मिलकर गला घोटकर हत्या कर दी। पत्नी संग रह रहे दो बेटों में से छोटा बेटा लेकर भाग गया।
रजमऊ निवासी ¨सकदर अली की करीब 30 वर्षीय पुत्री सितारा बेगम की शादी 12 साल पहले कुरसैना जसवंतनगर निवासी हनीफ पुत्र इमाम अली के साथ हुई थी। शादी के बाद आए दिन मारपीट और चरित्र पर शक करने से सितारा बेगम आजिज आ गई थी। वह अपने दो पुत्रों पांच साल के फैजान और तीन साल के रियान को लेकर छह माह पहले अपने मायके आकर रहने लगी थी। उसके पिता के घर के बाहर झोपड़ी डाली और उसी में गुजारा कर रही थी। हालांकि पति से इतनी दूरी बनने से पहले कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में दो बार पंचायत भी कराई थी तब सितारा बेगम दोनों बार ससुराल जाने को राजी हो गई थी लेकिन पति द्वारा शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला नहीं थमा था।
करीब पखवारे पहले ही हनीफ ससुराल आया था। उसने सितारा बेगम के साथ रहने की कोशिश की तो ससुर सिकंदर अली ने विरोध किया। बाद में हनीफ अपने पक्ष में पत्नी के माध्यम से ससुर को राजी करने में सफल रहा। वह पखवाड़े भर में पत्नी और ससुर का विश्वास जीतने में सफल रहा। गुरुवार की रात उसका छोटा भाई तकीम भी उसके पास आ गया था। रात में दोनों भाईयों ने नशा किया और सितारा बेगम की गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद रात में ही दबे पैर रियान को लेकर भाग गए।
शुक्रवार की सुबह सिकंदर अली की आंख खुली तो उसने झोपड़ी में कोई हलचल नहीं देखी। उसने आवाज लगाई तो जवाब नहीं मिला। झोपड़ी में झांककर देखा तो बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी और उसका छोटा पुत्र गायब था। तब उसने पुलिस को सूचना दी। उसकी तहरीर पर दोनों आरोपी भाईयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।