भ्रष्टाचार पर जवाबदेही से बचने को सपा में झगड़ा
इटावा, जागरण संवाददाता : भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि चुनाव करीब आने पर सपा
इटावा, जागरण संवाददाता : भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि चुनाव करीब आने पर सपा में जनता के बीच भ्रष्टाचार और गुंडई के सवालों से बचने के लिए झगड़ा चल रहा है। चंद रोज पहले सपा से निष्कासित प्रो. रामगोपाल का ताजा बयान आया है कि सपा सरकार में हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ है। इस पर स्वभाविक सवाल के तौर पर उनको यह भी बताना चाहिए कि जनता के पैसे की लूट होती रही और वे देखते क्यों रहे, मुख्यमंत्री कौन था और उसकी इस लूट में कितनी हिस्सेदारी थी।
पाठक ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि विपक्ष जब सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाता था तो उसको निराधार कहकर झुठलाया जाता था। लेकिन अब पार्टी के ही राष्ट्रीय नेता का बयान उस भ्रष्टाचार पर मुहर लगाता है। सपा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में जमीन पर कब्जे होते रहे, गुंडई होती रही और अब पार्टी के नेता ही उसको स्वीकार कर रहे हैं और आपस में झगड़ रहे हैं। यह सब कुछ साढ़े चार साल बाद जनता को जवाबदेही से बचने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को सपा प्रमुख जहां पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, वहां से 100 कदम की दूरी पर पार्टी के कार्यकर्ता आपस में जूझ रहे थे। वे अलग-अलग गुटों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। कोई अखिलेशवादी, कोई मुलायमवादी, कोई रामगोपाल तो कोई शिवपाल-अमरवादी है। सूबे की व्यवस्था चरमरा गई है। एक तरफ परिवार बचाने की लड़ाई चल रही है तो दूसरी तरफ भाजपा उप्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा ही उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जा सकती है।