रामगोपाल के समर्थन में नगर पालिका अध्यक्ष ने छोड़ी सपा
इटावा, जागरण संवाददता : समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को छह साल के लिए पार्टी से नि
इटावा, जागरण संवाददता : समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासन की खबर मिलते ही उनके समर्थन में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, संटू ने अपने सैकड़ों साथियों सहित सपा छोड़ने की घोषणा की।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव उनके राजनीतिक गुरु होने के साथ ही संरक्षक भी हैं। आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसका श्रेय प्रो. रामगोपाल यादव को ही जाता है। उन्होंने कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव आज भी गरीबों में मसीहा के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने ऐसे जरूरतमंदों की मदद की है, जिनकी मदद के लिए कोई राजनेता नहीं आया है। वह पार्टी को बचाना चाहते हैं, लेकिन कुछ लोगों ने सपा के मुखिया को उनके खिलाफ झूठे व मनगढ़ंत आरोप लगा कर पार्टी से निकलवाया है। उन्होंने कहा कि वह प्रो. रामगोपाल यादव के साथ हैं और आगे भी उनके साथ रहकर सेवाएं प्रदान करेंगे।