कृषक वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर उत्पादन बढ़ायें
इटावा, जागरण संवाददाता : प्रदेश के उद्यान विभाग द्वारा सैफई में दो दिवसीय फल, शाकभाजी व पुष्प प्रदर्
इटावा, जागरण संवाददाता : प्रदेश के उद्यान विभाग द्वारा सैफई में दो दिवसीय फल, शाकभाजी व पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को किया गया। प्रदर्शनी का उदघाटन सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने किया। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोल दी गई। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की औद्यानिक जैव विविधता को एक स्थान पर समेकित रूप से आम जनता को दिखाना है। इस अवसर पर प्रो. राम गोपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में समृद्ध बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उत्तर प्रदेश की विविधतापूर्ण जलवायु में सभी प्रकार के औद्यानिक फसलों की खेती की जा सकती है, परन्तु व्यवसायिक रूप से फसलों के उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पाद को प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लेना अधिक उपयुक्त होगा। उन्होंने वैज्ञानिक खेती पर जोर देते हुये कहा कि कृषक एवं बागवान, औद्यानिक फसलों का समुचित प्रबन्धन करके प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि कर सकते हैं तथा स्वस्थ एवं सम्पन्न समाज की संरचना करने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रदर्शनी में राजभवन, लखनऊ, अधीक्षक, राजकीय उद्यान, लखनऊ, आगरा, रामपुर, झॉसी, उद्यान निदेशालय, लखनऊ, उद्यान विभाग के विभिन्न जनपदों के जनपदीय/मण्ड़लीय उद्यान अधिकारियों, उच्च न्यायालय लखनऊ, पीएसी, विभिन्न जनपदों के कारागार, सीमैप, सीआईएसएच, लखनऊ विकास प्राधिकरण, भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान झांसी, मदर डे़री, रिलायन्स फ्रेश, स्पेन्शर, बिग बाजार, फ्यूचर ग्रुप, एफएफडीसी, सफल, नैफेड़, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, जैन इरीगेशन, ग्रीन पावर सिस्टम, वीएनआरसीड्स, फ्लोरा नर्सरी, संसार नर्सरी, रासी सीड्स, मेरीनो इण्डस्ट्रीज, चन्द्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि कानपुर, नगर निगम, कानपुर आदि भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार के औद्यानिकी से जुड़े विभिन्न संस्थानों एवं निजी क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों द्वारा उच्च कोटि के फल, शाकभाजी एवं रंग-बिरंगे पुष्पों के साथ ही साथ इनसे निर्मित प्रसंस्कृत पदार्थो से सम्बन्धित प्रदर्श, प्रदेश के विभिन्न अंचलो से आये प्रतियोगियों द्वारा प्रदर्शित किये गये हैं। प्रदर्शनी में कुल 47 श्रेणी के 564 वर्गो में विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें सभी क्लासों के विजेताओं को चल वैजयन्तियॉ प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा साथ ही साथ सम्बन्धित श्रेणी के विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त पुरूस्कारों के अनुसार नगद पुरूस्कार भी दिया जायेगा।