अंकुर की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
इटावा, जागरण संवाददाता : शहर के करमगंज निवासी युवक अंकुर की हत्या में वांछित पांच आरोपियों में से दो
इटावा, जागरण संवाददाता : शहर के करमगंज निवासी युवक अंकुर की हत्या में वांछित पांच आरोपियों में से दो आरोपियों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यह सफलता घटना के सवा साल से अधिक का वक्त गुजर जाने के बाद मिली है। अंकुर की हत्या पिछले साल अगस्त में की गयी थी। हत्या करंट लगाकर किए जाने का आरोप लगाया गया था। लखनऊ स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला से आई बिसरा रिपोर्ट के मुताबिक हत्या विषाक्त पदार्थ खिलाकर की गई थी। पुलिस को अब फरार बाकी तीन हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश है।
शहर कोतवाल बलवीर सिंह गौर ने बताया कि अंकुर की हत्या में नामजद विनोद अवस्थी पुत्र लक्ष्मीनारायण हाल निवास अशोक नगर सिविल लाइन मूल निवास ग्राम मूंज चौपला चौबिया को अशोक नगर स्थित आवास से और निक्की पांडेय पुत्र सुरशे चंद्र निवासी करमगंज को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने हत्या करंट लगाकर किए जाने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक का बिसरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया था। वहां से आई रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ पाया गया है। हत्या के पीछे वजह रुपये उधार लेने की सामने आई है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने अंकुर से 35 हजार रुपये उधार मांगे थे। रुपये उधार न देने पर आरोपी अंकुर से नाराज हो गए थे। उसके बाद ही उसको सुनियोजित तरीके से मारने का प्लान बनाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2013 में अंकुर को करमगंज के ही निक्की पांडेय और श्याम चतुर्वेदी बहाने से बुलाकर अशोकनगर में विनोद अवस्थी के घर पर ले गए थे। वहां से उक्त तीनों लोग अंकुर को मूंज चौपला में विनोद अवस्थी के आवास पर ले गए थे। वहीं पर दो अन्य आरोपी थे। अंकुर को वहां तीन-चार दिन रखने के बाद करंट लगाकर मारा गया था। इसके बाद उसके शव को उसके करमगंज स्थित आवास पर डाल गए थे। प्रदर्शन कर तत्कालीन कोतवाल फखर सईद जाफरी पर हत्यारोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसके बावजूद अंकुर के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सवा साल तक सुस्त रही।