नये स्वरूप में होगी विकास प्रदर्शनी
इटावा, जागरण संवाददाता : 25 नवंबर से शुरू हो रहे इटावा महोत्सव में इस बार विकास प्रदर्शनी का स्वर
इटावा, जागरण संवाददाता :
25 नवंबर से शुरू हो रहे इटावा महोत्सव में इस बार विकास प्रदर्शनी का स्वरूप बदला हुआ दिखाई देगा। पुरानी टीन के शेडों में लगने वाली विकास प्रदर्शनी इस बार पक्के स्वरूप में दिखाई देगी। प्रदर्शनी समिति ने 52 दुकानों का निर्माण कराया है। जिससे विकास प्रदर्शनी में लगने वाले स्टालों को काफी सहूलियत होगी। विकास प्रदर्शनी के बाहर ही महिला व पुरुषों के लिए 24 शौचालयों का भी निर्माण करा दिया गया है।
नए स्नानागार भी तैयार कर दिए गए हैं। मुख्य चौक में बने हुए शौचालयों को अब हटा दिया जाएगा। इसके अलावा पुराने चौक में 70 नई दुकानों का निर्माण करा दिया गया है। वहां पर समिति द्वारा नए गेट का निर्माण भी कराया गया है। महोत्सव पंडाल को भी बदलने का क्रम जारी है। यहां पर तेजी से काम चल रहा है। पंडाल को दो मुख्य द्वारों से जोड़ दिया गया है। वीआईपी द्वार अब अलग होगा व सामान्य द्वार अब अलग होगा। मंच की साज सज्जा पर काफी ध्यान दिया जा रहा है। मंच को चौड़ा कर उसके नीचे चार ग्रीन रूम बना दिए गए हैं। यह कार्य 25 नवंबर से पहले पूरा करने के निर्देश जिलाधिकारी नितिन बंसल ने दिए हैं। महोत्सव के जनरल सेक्रेटरी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव शुरू होने से पहले सारे कार्यो को पूरा कर लिया जाएगा।