'सौ दिन में नहीं आए अच्छे दिन'
इटावा, जागरण संवाददाता : जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेसजनों ने बैठक कर केंद्र की राजग सरकार के सौ दिनों की समीक्षा करते हुए उसे महंगाई और सीमा सुरक्षा के मोर्चे पर असफल ठहराया। बोले, अच्छे दिन तो नहीं आए, बुरे दिन आ गए हैं। किसानों को कोई राहत नहीं है।
जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव ने कहा कि सीमा पर जनता और जवान बेहाल हैं। दंगा-फसाद के मामले बढ़े हैं। फसलें सूख रही हैं या बाढ़ से नष्ट हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार ने खाद के दाम 46 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा दिए हैं। रेल का 14 प्रतिशत किराया बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। प्याज, टमाटर, चीनी, डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
शहर अध्यक्ष मो. राशिद ने कहा कि सौ दिन में महंगाई रुकने के बजाय लगातार बढ़ी है। महंगाई के सामने सरकार बेबस नजर आ रही है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अजय यादव गुड्डू, सूरज सिंह यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष फजल यूसुफ खां ने मोदी सरकार के सौ दिन के कार्यकाल को उम्मीदों के विपरीत बताते हुए कहा कि देश की जनता ने जिन आशाओं से राजग सरकार बनाई, उस पर सरकार सौ दिन में एक कदम भी नहीं चल सकी है। धर्मराज वर्मा, संजय दोहरे, सीताराम सिंह जादौन, नरेश चंद्र वाल्मीकि, रामनरेश यादव, इकबाल खां, सरबरी बेगम, रामसेवक जाटव, रामजीवन कुशवाह आदि उपस्थित थे।