चंबल नदी में मगरमच्छ ने बच्चे को निगला
चकरनगर संवादसूत्र : भरेह थाना के गाव पथर्रा में चंबल नदी में नहाते समय एक बच्चे को मगरमच्छ ने निगल लिया। दूसरे बच्चे के चिल्लाने पर समूचे गाव को घटना की जानकारी हो सकी। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उपरोक्त बच्चे को ढूंढने के लिये क्षेत्रीय गोताखोरों को चंबल नदी में लगा दिया है। देर शाम तक बच्चे का पता नहीं चल सका था।
थाना भरेह के गाव नगला पथर्रा निवासी पप्पू मल्लाह का 12 वर्षीय पुत्र प्रदीप सोमवार दोपहर समय करीब 12 बजे चंबल नदी में अपने एक साथी के साथ नहा रहा था। वहीं पहले से घात लगाये चंबल नदी में बैठे एक मगरमच्छ ने उक्त बच्चे को दबोच लिया। इस दृश्य को देखकर साथ में नहा रहा दूसरा बच्चा दौड़कर पानी से बाहर निकलकर चिल्लाने लगा। जिससे कुछ ही दूरी पर बसे उपरोक्त गाव के ग्रामीण चंबल नदी किनारे एकत्र हो गये। बच्चे के परिजन नदी पर ही रोने चिल्लाने लगे। तब उपरोक्त दूसरे बच्चे ने पूछताछ में बताया कि प्रदीप को मगरमच्छ ने ऊपर उछाला, इसके बाद वो ऊपर ही नही आया। हा सिर्फ पानी के ऊपर खून दिखायी दिया था। तत्पश्चात सूचना के बाद घटना स्थल पर भरेह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाच पड़ताल शुरू कर दी। कुछ ही समय बाद मौके पर एसडीएम चकरनगर महेन्द्र कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी चकरनगर राजवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समूची घटना का जायजा लिया। वही क्षेत्रीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में तुरन्त ही जाल डलवाये गये। जाल डालकर क्षेत्रीय गोताखोरों ने शाम तक उक्त बच्चे को खोजने का काफी प्रयास किया।