ठंडी हवाओं से राहत, हुई बूंदाबांदी
जागरण संवाददाता, एटा: उमस भरी गर्मी से अकुलाए लोगों को बुधवार के दिन हवाओं के साथ हुई रिमझिम वर्षा न
जागरण संवाददाता, एटा: उमस भरी गर्मी से अकुलाए लोगों को बुधवार के दिन हवाओं के साथ हुई रिमझिम वर्षा ने खासी राहत दी। हालांकि इस वर्षा ने भले ही धरती को भिगोया है, लेकिन कुछ पल की रिमझिम वर्षा के साथ हवाओं ने दोपहर को मौसम सुहावना बना दिया।
पिछले दिन हुई बारिश और उसके बाद निकली धूप से आम नागरिक उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। बुधवार दोपहर जैसे ही आसमान में काले घने बादलों ने अपना डेरा जमाया, थोड़ी ही देर में हवाएं चलनी शुरू हो गईं। इन ठंडी हवाओं से बादलों का डेरा भी अधिक देर नही टिक सका। मगर हल्की-हल्की फुहारों के पड़ते ही शरीर को खासी राहत मिली। वातावरण से उमस भी कम हुई। वैसे मंगलवार की रात में भी वर्षा हुई, लेकिन दिन में निकली धूप के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी ने खासा परेशान किया।
बंद कमरों में कूलर पंखों की हवाएं भी इस उमस के कारण बेदम सी प्रतीत हुईं। बुधवार की वर्षा ने वातावरण से उमस को छंटने को विवश कर दिया। दूसरे वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे, उनकी फसलों को जैसे नया जीवन मिल गया। किसानों ने खेतों में धान की रोपाई शुरू कर दी है।
चार बजे सूरज ने फिर बिखेरी चमक
बुधवार को चार बजते-बजते अचानक हवाएं थम गईं। आसमान में बादलों को चीरकर फिर सूरज ने मुंह उठाया तो तेज धूप ने लोगों को फिर हैरान कर दिया।