शिक्षक बेवा को मिलेगा हक, धरना समाप्त
जागरण संवाददाता, एटा: कलक्ट्रेट धरना स्थल पर आमरण अनशन में बदला शिक्षक बेवा का धरना प्रशासन के आश्वा
जागरण संवाददाता, एटा: कलक्ट्रेट धरना स्थल पर आमरण अनशन में बदला शिक्षक बेवा का धरना प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता में जिलाधिकारी ने पीड़िता को उसका वाजिब हक दिलाने का वायदा किया।
जिलाधिकारी निधि केसरवानी से मिले शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि राष्ट्रीय इंटर कॉलेज जिन्हैरा में सहायक अध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए स्व. सत्यप्रकाश शर्मा की विभागीय अधिकारियों द्वारा पांच वेतन वृद्धियां काट दी गई थी। इसके साथ ही शिक्षक की पत्नी गायत्री देवी को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन में भी संशोधन नहीं किया जा रहा था। विभाग के अधिकारियों के कार्यालयों में चक्कर लगाने के बावजूद समाधान न होने की दशा में शिक्षक बेवा को धरना और आमरण अनशन करना पड़ा।
प्रतिनिधि मंडल से हुई समस्या की जानकारी के बाद जिलाधिकारी निधि केसरवानी द्वारा शिक्षक बेवा को उसका कानूनी हक दिलाने का आश्वासन दिया। जिस पर प्रतिनिधि मंडल ने गायत्री देवी व उसके पुत्र को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कर दिया। जिलाधिकारी से मिले प्रतिनिधि मंडल में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह यादव, रक्षपाल सिंह यादव, वीरेंद्र सिंह, रामसेवक शर्मा शामिल थे।