चाचा ने भतीजे को मारकर फंदे पर लटकाया
जागरण संवाददाता, एटा: मलावन थाने के गांव कुंवरपुर नगरिया निवासी 27 वर्षीय राजेश पुत्र स्व. चोब सिंह
जागरण संवाददाता, एटा: मलावन थाने के गांव कुंवरपुर नगरिया निवासी 27 वर्षीय राजेश पुत्र स्व. चोब सिंह का शव घर में शुक्रवार सुबह फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि राजेश के दो चाचा नन्नू और शिवराज ने उसकी हत्या करके शव को लटका दिया, ताकि लोग इसे आत्महत्या समझें। घटना के बाद दोनों चाचा फरार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। छानबीन में पता चला कि राजेश का अपने चाचा नन्नू के बीच अक्सर घरेलू कलह के चलते विवाद होता रहता था। कई बार मारपीट भी हुई थी। राजेश शराब अधिक पीता था इस कारण उसकी चाचा से पटरी नहीं खाती थी। लिहाजा, तंग आकर युवक की हत्या कर दी। दोनों आरोपी चाचा घटना के बाद फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या गला दबाकर की गई और शव को एक ऐसे कमरे में लटकाया गया, जिसमें कि भूसा भरा था। इस कमरे में परिजनों का आना-जाना ज्यादा नहीं रहता था। शुक्रवार शाम राजेश को परिवारीजनों ने देखा था, मगर रात से उसका पता नहीं चल सका। चौतरफा खोजबीन की गई, तब शनिवार सुबह उसका शव मिला। मलावन पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।