मार्ग खोदने के बाद भुला दिया निर्माण
जागरण संवाददाता, एटा: शहर के अंदर नगर पालिका के ठेकेदार पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं। शांति नगर में
जागरण संवाददाता, एटा: शहर के अंदर नगर पालिका के ठेकेदार पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं। शांति नगर में छह महीने पहले खोदे गए मार्ग का आज तक निर्माण नहीं कराया गया। परेशान स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष से ठेकेदार की शिकायत कर निर्माण कराने की मांग की है।
शहर के शांति नगर में ट्रांसफारमर से श्यामवीर सिंह के घर तक 300 मीटर मार्ग का नवनिर्माण पिछले वित्त वर्ष में मंजूर हुआ था। लोगों को अरसे पुराने जर्जर खड़जा से मुक्ति मिलने की उम्मीद जग गई। ठेका होने के बाद नवंबर 2014 में मार्ग से खड़जा उखड़वा दिया गया। लेकिन खड़जा उखड़वाने के बाद निर्माण तो दूर मार्ग में मिट्टी भी नहीं डलवाई गई। जिससे गड्ढे के रूप में तब्दील हो चुके इस मार्ग पर अक्सर पानी भरा रहता है। ऊबड़-खाबड़ मार्ग से निकलना भी मुसीबत बन गया है। खासतौर से छोटे बच्चों को स्कूल आदि भेजते समय अभिभावक परेशान रहते हैं। स्थिति यह है कि आसपास के लोगों ने तो यहां से गुजरना भी छोड़ दिया है। लेकिन इस गली में रहने वाले लोग परेशान उठाने को मजबूर हैं। सोमवार को महावीर सिंह यादव, पीपी सिंह बघेल, बीपी सिंह, योगेंद्र सिंह, प्रेमस्वरूप उपाध्याय, विनोद कुमार यादव, अमर सिंह आदि लोगों ने पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी से मुलाकात की। उन्होंने समस्या बताते हुए मार्ग निर्माण कराए जाने की मांग की।